JNU में संग्राम! कैंपस के बाहर छात्रों ने फूंका कुलपति का पुतला, कैसे भड़का दिल्ली का माहौल

दिल्ली के जेएनयू में कुलपति के कथित बयान और यूजीसी नियमों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया. पुलिस ने 14 छात्रों को गिरफ्तार किया. बाद में सभी को जमानत मिल गई.

ANI
Babli Rautela

नई दिल्ली: दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय एक बार फिर चर्चा में है. कैंपस में छात्रों और प्रशासन के बीच टकराव बढ़ गया है. विवाद की वजह कुलपति के कथित जातिवादी कमेंट्स और यूजीसी नियमों को लागू करने की मांग बताई जा रही है. छात्रों ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया.

रात में बड़ी संख्या में छात्र कैंपस के बाहर जुटे. उन्होंने कुलपति के खिलाफ नारे लगाए. इसके बाद पुतला फूंका गया. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में कड़ी सुरक्षा कर दी. बैरिकेडिंग की गई. अतिरिक्त बल तैनात किया गया. इसके बावजूद छात्र पीछे नहीं हटे.

विरोध मार्च पर रोक

छात्रसंघ ने शिक्षा मंत्रालय तक मार्च निकालने का ऐलान किया था. करीब चार सौ से पांच सौ छात्र कैंपस से बाहर निकल आए. पुलिस ने उन्हें बताया कि प्रशासन से अनुमति नहीं है. मार्च की इजाजत नहीं दी जा सकती. छात्रों से कैंपस तक सीमित रहने को कहा गया. काफी देर तक बातचीत चली. अपील की गई कि शांति बनाए रखें. लेकिन छात्र मार्च निकालने पर अड़े रहे. रोके जाने पर हालात बिगड़ गए. पुलिस के अनुसार कुछ छात्रों ने बैरिकेड्स को नुकसान पहुंचाया. बैनर और डंडे फेंके गए. पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है. इसके बाद कार्रवाई की गई.

पुलिस ने छात्रसंघ अध्यक्ष समेत 14 छात्रों को गिरफ्तार किया. इनमें छात्रसंघ अध्यक्ष अदिति मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष नीतीश कुमार, उपाध्यक्ष गोपिका के बाबू और संयुक्त सचिव दानिश अली शामिल हैं. जिसके बाद मामला दर्ज कर सभी को हिरासत में लिया गया.

कोर्ट में पेशी और जमानत

शुक्रवार को गिरफ्तार छात्रों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने सभी को 25 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी. पुलिस ने सरकारी काम में बाधा और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है.

घटना के बाद कैंपस के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस हालात पर नजर रख रही है. छात्र संगठन आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं. वहीं प्रशासन ने शांति की अपील की है. फिलहाल जेएनयू का माहौल तनावपूर्ण है. आने वाले दिनों में स्थिति किस दिशा में जाएगी इस पर सभी की नजर बनी हुई है.