नई दिल्ली: फरवरी अब जा रहा है, लेकिन जाते-जाते वह गर्मी का पैगाम छोड़ रहा है. उत्तर भारत के मैदानों में सूरज की तपिश अब साफ महसूस हो रही है. सुबह-शाम की ठंडक अब कमजोर पड़ गई है, जबकि दोपहर में धूप चुभने लगी है. आईएमडी के ताजा अपडेट बताते हैं कि इस साल सर्दी का अंत जल्दी हो रहा है और गर्मी समय से पहले दस्तक दे रही है. राजधानी दिल्ली से लेकर राजस्थान तक तापमान में तेज उछाल आया है, वहीं पहाड़ों पर अभी कुछ राहत बाकी है.
देश की राजधानी दिल्ली में आज मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. सुबह हल्की धुंध छा सकती है, लेकिन दिन चढ़ते ही आसमान नीला हो जाएगा. न्यूनतम तापमान 13-15 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि अधिकतम 30 से 32 डिग्री तक पहुंच सकता है. ऐसे में अब घरों में पंखे चलाने की जरूरत पड़ने लगी है. आईएमडी का कहना है कि अगले कुछ दिनों में यह ट्रेंड और मजबूत होगा.
उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान का पारा तेजी से ऊपर जा रहा है. यूपी के कई जिलों में दोपहर का तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया है. मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई उम्मीद नहीं. बिहार में भी आसमान साफ है, जहां कैमूर जैसे इलाकों में पारा 33 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया. यह सामान्य से काफी अधिक है, जो मार्च में और गर्मी का संकेत दे रहा है.
रेगिस्तानी राज्य राजस्थान में अगले हफ्ते बारिश की कोई संभावना नहीं दिख रही. यहां दिन और रात दोनों में तापमान 2-3 डिग्री और बढ़ सकता है. उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ऊपर बना रहेगा. ऐसे में लोगों को पहले से गर्मी के लिए तैयार रहना होगा, क्योंकि यह ट्रेंड मार्च में लू की ओर इशारा कर रहा है.
दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनके कारण 3 और 4 मार्च को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. हालांकि, इसका मैदानी इलाकों पर ज्यादा असर नहीं होगा. पहाड़ों में यह बदलाव कुछ राहत दे सकता है, लेकिन मैदानों में गर्मी का दबदबा बना रहेगा.
महाराष्ट्र में अगले 5 दिनों में तापमान 3-4 डिग्री बढ़ सकता है. गुजरात में 4-5 मार्च को उमस के साथ गर्मी रहेगी, पारा 3-5 डिग्री ऊपर जा सकता है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. पूर्वोत्तर और दक्षिण में कुछ जगहों पर हल्की बारिश जारी रहेगी. आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मार्च की शुरुआत गर्म रहेगी, इसलिए पानी पीते रहें और धूप से बचें.