'अंदाजा लगाओ कांग्रेस ने कितनी सीटें जीती?' MLC चुनाव में कांग्रेस के शून्य पर सिमटने पर पीएम मोदी का तंज
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की कुल 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए थे जिसमें से कांग्रेस एक सीट भी नहीं जीत सकी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्यों में हुए MLC चुनावों के नतीजों पर कांग्रेस पर जोरदार तंज कसा है. उन्होंने बैलेट पेपर से हुए चुनावों का जिक्र करते हुए पार्टी की सीटों पर सवाल उठाया. प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनावों का जिक्र किया. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे. इसके बाद उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए पूछा कि पार्टी ने कितनी सीटें जीतीं.
सबसे हैरान करने वाले नतीजे कर्नाटक से
सबसे हैरान कर देने वाले नतीजे कांग्रेस शासित कर्नाटक से आए जहां बीजेपी ने चारों सीटों पर कब्जा कर लिया, यूपी में बीजेपी ने चार और सपा ने दो सीटें जीतीं.
इस चुनाव में उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 विधान परिषद सीटें शामिल थीं. चुनाव 23 अक्टूबर को हुआ था और मतगणना 27 अक्टूबर को शुरू हुई.
कर्नाटक में बीजेपी और जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन ने चारों सीटों पर जीत दर्ज की. बीजेपी ने तीन सीटें बरकरार रखीं जबकि जेडीएस ने बेंगलुरु शिक्षक सीट कांग्रेस से छीन ली.
यूपी में सपा ने जीतीं दो सीट
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में से बीजेपी ने चार और सपा ने दो सीटों पर कब्जा जमाया. बाकी सीटों पर अभी गिनती जारी है. समाजवादी पार्टी ने पीएण मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी एक सीट पर कब्जा कर लिया.
सुधांशु त्रिवेदी ने भी साधा निशाना
इससे पहले बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा कि 28 सीटों पर बैलेट पेपर से चुनाव हुए इसके बाद भी कांग्रेस एक सीट भी नहीं जीत पाई. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने भारतीय चुनाव प्रक्रिया को लेकर झूठे आरोपों का जो माहौल बनाया, उनकी अराजकता फैलाने की उम्मीदें चुनाव परिणामों के साथ ही चकनाचूर हो गईं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत की चुनाव प्रक्रिया को लेकर झूठे दावों का बतंगड़ बनाने के बजाय जनता के बीच जाकर मेहनत करनी चाहिए.