ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना इलाके में GT रोड पर रघुनंदन पेट्रोल पंप पर शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना हुई. थार ड्राइवर ने पहले अपनी गाड़ी का टैंक फुल कराया और फिर ऑनलाइन पेमेंट करने का बहाना बनाकर मौके से भाग गया.
जब पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने अपनी बाइक से उसका पीछा किया तो आरोपी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया और उसकी बाइक थार में फंस गई. आरोपी बाइक को कई किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया. बाद में पुलिस ने गाड़ी को घेर लिया और लुहारली टोल से पहले ड्राइवर को थार समेत गिरफ्तार कर लिया. घिसटते समय थार में फंसी बाइक से चिंगारियां निकलने लगीं.
#WATCH | Noida, UP | Additional Deputy Commissioner of Police (ADCP) for Central Noida, Rajendra Kumar Gautam says, "On 27 February, a Thar driver attempted to flee without paying for the petrol in the Thana Badalpur area. The petrol pump salesman chased the vehicle, after which… pic.twitter.com/Bso6wXHIWa
— ANI (@ANI) February 28, 2026
पुलिस के मुताबिक सिकंदराबाद थाना इलाके के जोली गांव का रहने वाला 22 साल के हर्ष शुक्रवार को दुजाना गांव में अपने मामा के यहां आया था. शाम करीब 6:30 बजे वह अपनी थार लेकर धूम गांव के पास GT रोड पर रघुनंदन पेट्रोल पंप पर पहुंचा. उसने टंकी फुल कराई.
डीजल भरवाने के बाद उसने ऑनलाइन पेमेंट करने को कहा. पेट्रोल पंप पर सेल्समैन कुलदीप शर्मा जब पेमेंट मशीन लेने अंदर गया तो थार ड्राइवर ने मौका पाकर गाड़ी स्टार्ट कर दी और भाग गया. गाड़ी अचानक तेज चलने लगी तो कुलदीप शर्मा ने तुरंत अपनी बाइक उठाई और आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया.
चश्मदीदों के मुताबिक थार ड्राइवर चिठेरा बाईपास की तरफ तेजी से भागा. जब बाइक पर सवार सेल्समैन अपनी गाड़ी के पास पहुंचा तो आरोपियों ने जानबूझकर बाइक में टक्कर मार दी. कुलदीप शर्मा सड़क पर गिरकर घायल हो गया. उसकी बाइक थार में फंस गई लेकिन आरोपियों ने गाड़ी नहीं रोकी. आरोपी थार ड्राइवर बाइक को करीब कई किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया. इस दौरान सड़क पर रगड़ से चिंगारियां उड़ीं, जिससे राहगीरों में दहशत फैल गई.
बताया जा रहा है कि आरोपी लुहारली टोल से पहले चौलास गांव की तरफ मुड़ गया और बाद में उसे पकड़ लिया गया. सेंट्रल नोएडा के ADCP आरके गौतम ने बताया कि एक थार ड्राइवर पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर भाग गया.
जब पेट्रोल पंप कर्मचारी ने उसका पीछा किया तो थार ड्राइवर ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया और मोटरसाइकिल टूटकर गिर गई. इसके बाद थार ड्राइवर मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया. आरोपी को अब गिरफ्तार कर लिया गया है और थार भी जब्त कर ली गई है.