दिल्ली में एक बार फिर से सड़क दुर्घटना के मामले बढ़ते जा रहे हैं. पिछले 48 घंटों के अंदर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवाओं की मौत के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं. एक हादसा मुकुंदपुर फ्लाईओवर का है, जबकि दूसरा शालीमार बाग इलाके में हुआ.
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात बाहरी उत्तरी जिले के मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गई. इस दुर्घटना में दो सवारों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा भलस्वा डेयरी इलाके के पास हुआ.
पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह बेकाबू हो गई. एक शव फ्लाईओवर से नीचे गिरकर नाली में जा गिरा, जिसे निकालने के लिए विशेष बचाव अभियान चलाना पड़ा. आपातकालीन सेवाएं और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
दोनों शवों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है. लेकिन तेज रफ्तार, लापरवाही या टेक्निकल खराबी के एंगल की जांच की जा रही है. फ्लाईओवर पर लगे सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इससे पहले शनिवार शाम शालीमार बाग इलाके में एक और दर्दनाक हादसा देखने को मिला था. जिसमें 15 वर्षीय किशोर विशाल की तेज रफ्तार टेम्पो की टक्कर से मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि टेम्पो ने पीछे से मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मारी. विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
टेम्पो को जब्त कर लिया गया है और ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है. शव का पोस्टमॉर्टम पूरा कर लिया गया है. पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. परिवार ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतने और ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.