छठ पूजा पर दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव, 16 नवंबर को सुबह 4:30 बजे से चलेंगी ट्रेनें
छठ पूजा के उषा अर्घ्य के अवसर पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं 16 नवंबर को सुबह 4:30 बजे से शुरू होंगी. शुरुआती डेढ़ घंटे ट्रेनें 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी.
छठ पूजा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाएं जल्दी शुरू करने का फैसला किया है. सोमवार, 16 नवंबर 2026 को उषा अर्घ्य के दिन मेट्रो ट्रेनें सामान्य समय से डेढ़ घंटे पहले सुबह 4:30 बजे से चलेंगी.
दिल्ली के स्वास्थ्य और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इस विशेष व्यवस्था की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुबह के समय घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसलिए यह निर्णय लिया गया है.
सुबह 4:30 से 6 बजे तक 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी ट्रेनें
DMRC के अनुसार, सोमवार को सभी टर्मिनल स्टेशनों से पहली मेट्रो सुबह 4:30 बजे रवाना होगी. सुबह 4:30 से 6 बजे तक सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेनें हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी.
Also Read
सुबह 6 बजे के बाद मेट्रो सेवाएं सामान्य समय-सारिणी के अनुसार चलेंगी. यह विशेष व्यवस्था रेड, येलो, ब्लू, ग्रीन, वॉयलेट, पिंक और मजेंटा लाइन के साथ एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी लागू होगी.
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन श्रद्धालु उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए तड़के ही यमुना घाटों और कृत्रिम तालाबों पर पहुंचते हैं. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हैं.
आमतौर पर सुबह 6 बजे मेट्रो सेवाएं शुरू होने के कारण जल्दी घाट पहुंचने वाले लोगों को निजी वाहनों और कैब का सहारा लेना पड़ता था. अब सुबह 4:30 बजे से मेट्रो चलने से महिलाओं, बुजुर्गों और परिवारों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी.