भारत के अपमान पर कौन हंसता है? इटली के नेता के 'वोट चोर' नारे पर राहुल गांधी को BJP ने घेरा

हैदराबाद में भारत समिट के दौरान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने कांग्रेस का 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारा लगाया. इस पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया को लेकर बीजेपी ने सवाल उठाए.

X
Sagar Bhardwaj

हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2026 के दौरान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने कांग्रेस के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे को दोहराया. इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हंसते और तालियां बजाते देखा गया. फिलिबेक के इस बयान और राहुल गांधी की प्रतिक्रिया को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है.

फिलिबेक यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी (PES) के महासचिव हैं. उन्होंने अपने संबोधन में राहुल गांधी के चुनावी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अभियान का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने 'एक व्यक्ति, एक वोट' के लोकतांत्रिक सिद्धांत की रक्षा की है.

उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में दो सप्ताह पहले हजारों लोगों ने स्वच्छ और पारदर्शी मतदाता सूची की मांग को लेकर मार्च निकाला था. लोकतंत्र अपने आप नहीं मिलता, बल्कि इसकी रक्षा के लिए लोगों को आगे आना पड़ता है. इसी दौरान उन्होंने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया. अंग्रेजी में उन्होंने इसका अर्थ 'वोट चोर, अपनी कुर्सी छोड़ो' बताया.


उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और यह संयुक्त राष्ट्र (UN) तथा मानवाधिकारों से जुड़ा मुद्दा है, न कि किसी विदेशी ताकत से संबंधित मामला.