प्रेमी के शौक पूरे करने के लिए प्रेमिका ने अपने ही घर से चुराए 90 लाख के गहने, CCTV से खुला राज
उत्तर प्रदेश के बांदा में नाबालिग लड़की ने प्रेमी के साथ मिलकर परिवार के दो घरों से लाखों के गहने चुराए. पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर 80 लाख से अधिक के जेवर बरामद किए.
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग लड़की पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर परिवार के दो घरों से करीब 85 से 90 लाख रुपये के गहने चोरी करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि लड़की कई महीनों तक धीरे-धीरे घर की तिजोरियों से जेवर निकालकर अपने प्रेमी को देती रही. प्रेमी इन गहनों को बेचकर महंगी बाइक, मोबाइल और कपड़ों के शौक पूरे करता था.
तिजोरियों से लगातार गायब हो रहे थे गहने
यह मामला अतर्रा कोतवाली क्षेत्र का है. परिवार के घरों से लगातार कीमती जेवर गायब हो रहे थे. जब परिजनों ने तिजोरियों की जांच की तो बड़ी संख्या में गहने गायब मिले. इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. शुरुआत में परिवार को भी अंदाजा नहीं था कि चोरी में घर का ही कोई सदस्य शामिल हो सकता है.
Also Read
CCTV फुटेज से सामने आई नाबालिग की भूमिका
जांच के दौरान पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें एक लड़की हाथ में कुछ सामान लेकर घर से बाहर जाती दिखाई दी. पुलिस ने उसकी पहचान कर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नाबालिग ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.
चाबी से खोलती थी तिजोरी, प्रेमी को देती थी गहने
पुलिस के अनुसार, लड़की को परिवार के दोनों घरों की चाबियों और तिजोरियों की जानकारी थी. इसी का फायदा उठाकर वह बिना ताला तोड़े धीरे-धीरे गहने निकालती थी. इसके बाद चोरी के जेवर अपने प्रेमी को सौंप देती थी. दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और साथ पढ़ते थे.
आरोप है कि यह सिलसिला कई महीनों तक चलता रहा. लड़की रोजाना थोड़े-थोड़े गहने निकालकर प्रेमी को देती थी. दूसरी ओर, प्रेमी उन गहनों को बेचकर अपनी महंगी जीवनशैली पर पैसे खर्च करता था. उसके पास बुलेट और पल्सर जैसी बाइक थीं. वह महंगे मोबाइल और कपड़ों का भी शौकीन था.
80 लाख से ज्यादा के गहने और दो बाइक बरामद
एएसपी शिवराज के मुताबिक, अतर्रा पुलिस ने सतेंद्र नाम के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है. वह चित्रकूट जिले के रसिन का रहने वाला है. पुलिस ने उसके कब्जे से 27 सोने और 8 चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. बरामद सोने के गहनों का वजन 534 ग्राम और चांदी के जेवरों का वजन करीब 800 ग्राम बताया गया है.
पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों की कुल कीमत 80 लाख रुपये से अधिक है. इसके अलावा आरोपी के पास से बुलेट और पल्सर बाइक के साथ नकदी भी बरामद की गई है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.