भोपाल में इंदौर जैसा जल संकट! नल के पानी में मिला ई-कोली बैक्टीरिया, 200 परिवारों ने पानी पीना छोड़ा
भोपाल के वैशाली नगर में नल के पानी में दूसरी बार ई-कोली बैक्टीरिया मिला है. करीब 200 परिवारों ने पानी पीना बंद कर दिया. एक मौत को लेकर भी परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वैशाली नगर में पीने के पानी की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता सामने आई है. यहां नल से आने वाले पानी में ई-कोली (E. coli) बैक्टीरिया मिला है. स्थानीय लोगों ने खुद पानी के नमूने लेकर मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की स्टेट लैब में जांच कराई. रिपोर्ट में बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है. यह मामला इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद सामने आया है.
दो जांच रिपोर्ट में हुई पुष्टि
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहली जांच रिपोर्ट 28 अक्टूबर को आई थी. इसमें 100 मिलीलीटर पानी में 660 MPN ई-कोली पाया गया, जबकि पीने के पानी में इसकी मात्रा शून्य होनी चाहिए. पानी का गंदलापन भी 5.9 NTU दर्ज किया गया, जबकि निर्धारित सीमा 5 NTU है.
इसके बाद 13 नवंबर को आई दूसरी रिपोर्ट में भी 100 मिलीलीटर पानी में 350 MPN ई-कोली मिला. यानी दो अलग-अलग जांच में पानी के दूषित होने की पुष्टि हुई है.
Also Read
200 परिवारों ने नल का पानी पीना छोड़ा
वैशाली नगर के करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया है. अब ये परिवार मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीदकर इस्तेमाल कर रहे हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले डेढ़ साल से उन्हें गंदा और बदबूदार पानी मिल रहा है. कई बार नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ.
एक व्यक्ति की मौत पर भी उठे सवाल
कॉलोनी में एक व्यक्ति की मौत हुई है. उसके परिजनों का आरोप है कि दूषित पानी पीने की वजह से उसकी जान गई. हालांकि, मौत और पानी के प्रदूषण के बीच संबंध की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है. रहवासियों का यह भी दावा है कि उल्टी-दस्त समेत दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण कुछ लोगों को नर्सिंग होम में भर्ती कराना पड़ा.
सीवेज लाइन से पानी दूषित होने की आशंका
स्थानीय लोगों को संदेह है कि पेयजल पाइपलाइन के पास से गुजर रही सीवेज लाइन में लीकेज के कारण गंदा पानी सप्लाई में मिल रहा है. उनका कहना है कि पास के वायु नगर में सीवेज चैंबर ओवरफ्लो होने पर स्थिति और खराब हो जाती है.
लीकेज ठीक करने के लिए अलग-अलग जगह करीब 10 से 11 बार सड़क खोदी जा चुकी है. गटर की सफाई के बाद दो दिन तक पानी साफ आया, लेकिन इसके बाद फिर वही समस्या शुरू हो गई.
सात लाख लोगों तक पहुंचता है कोलार नेटवर्क का पानी
वैशाली नगर को कोलार जलापूर्ति नेटवर्क से पानी मिलता है. इस नेटवर्क के जरिए नौ जोन में करीब 1.35 लाख कनेक्शनों के माध्यम से रोजाना 34 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जाती है. इससे लगभग सात लाख लोग लाभान्वित होते हैं.
रहवासियों का कहना है कि नगर निगम रोजाना 100 से अधिक पानी के नमूनों की जांच करने का दावा करता है. इसके बावजूद लंबे समय तक दूषित पानी की समस्या सामने नहीं आना निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. अब पूरे जलापूर्ति नेटवर्क की जांच और दूषित पानी की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी हो गया है.