menu-icon
India Daily

दिल्ली की महिलाओं को अब बिना गारंटी मिलेगा 10 करोड़ का लोन, सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान; जानें क्या है पात्रता?

दिल्ली सरकार महिला स्टार्टअप्स और स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बिना गारंटी 10 करोड़ रुपये तक का लोन देगी. इसकी गारंटी खुद सरकार लेगी और उनके प्रोडक्ट्स बड़े मॉल्स में भी बिकवाए जाएंगे.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
दिल्ली की महिलाओं को अब बिना गारंटी मिलेगा 10 करोड़ का लोन, सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान; जानें क्या है पात्रता?
Courtesy: ani

नई दिल्ली: दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बहुत बड़ी और अच्छी खबर आई है. दिल्ली सरकार ने महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा करने और उन्हें बिजनेस की दुनिया में आगे बढ़ाने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. अब महिला स्टार्टअप्स और स्वयं सहायता समूहों को बिना किसी गारंटी के 10 करोड़ रुपये तक का लोन मिल सकेगा. 

इस लोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि महिलाओं को अपनी तरफ से कोई गारंटी नहीं देनी होगी बल्कि उनकी जगह खुद दिल्ली सरकार इस लोन की गारंटी लेगी. इससे महिलाओं के लिए अपना नया काम शुरू करना या पुराने काम को बढ़ाना बेहद आसान हो जाएगा.

एसएचजी मेले में की घोषणा

रोहिणी में आयोजित 'मेगा SHG मेला-2026' के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने इस शानदार योजना का ऐलान कर दिया है. उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा फोकस महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे किसी पर निर्भर न रहें. सिर्फ लोन ही नहीं, सरकार महिलाओं के बिजनेस को प्रमोट करने के लिए भी बड़े कदम उठा रही है. 

मॉल्स में बिकेंगे हैंडमेट प्रोडक्ट्स

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली की महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी प्रोडक्ट्स को अब दिल्ली के बड़े-बड़े मॉल्स और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में भी बेचने के लिए जगह दी जाएगी ताकि उनके हुनर को सही बाजार और सही दाम मिल सके. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि दिल्ली सरकार की यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के सपने को सच करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.

महिलाओं ने बेहतरीन सामानों की लगाई प्रदर्शनी

इस दो दिवसीय मेगा मेले में पूरी दिल्ली से 24 से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों ने हिस्सा लिया था. मेले में महिलाओं ने अपने हाथों से बने बेहतरीन सामानों की प्रदर्शनी भी लगाई थी जिसमें खूबसूरत हैंडीक्राफ्ट्स, खादी के कपड़े, घर के बने स्वादिष्ट फूड प्रोडक्ट्स और कई तरह के हैंडमेड आइटम्स शामिल थे. सरकार की इस नई लोन योजना से आने वाले दिनों में दिल्ली की लाखों महिलाओं को अपना बिजनेस चमकाने का एक सुनहरा मौका मिलेगा.