menu-icon
India Daily

मेट्रो यात्रियों के लिए गुड न्यूज! DMRC ने बढ़ाईं 6 ट्रेनें और 24 अतिरिक्त फेरे; PM मोदी की अपील का हुआ बड़ा असर

दिल्ली में बढ़ते ईंधन संकट और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की कोशिशों के बीच DMRC ने मेट्रो सेवाएं बढ़ाने का फैसला किया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
मेट्रो यात्रियों के लिए गुड न्यूज! DMRC ने बढ़ाईं 6 ट्रेनें और 24 अतिरिक्त फेरे; PM मोदी की अपील का हुआ बड़ा असर
Courtesy: X

राजधानी दिल्ली में अब यात्रियों को पहले से ज्यादा मेट्रो सेवाएं मिलने वाली हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने घोषणा की है कि 18 मई से मेट्रो नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की थी. इस पहल से सड़कों पर ट्रैफिक कम होगा और ईंधन की खपत में भी राहत मिलेगी.

सोमवार से शुरू होगी नई व्यवस्था

DMRC के मुताबिक, फिलहाल हर सोमवार 6 अतिरिक्त ट्रेनें मेट्रो नेटवर्क पर उतारी जाएंगी. इन ट्रेनों की मदद से रोजाना कुल 24 अतिरिक्त फेरें लगाए जाएंगे. मेट्रो प्रशासन का कहना है कि सोमवार को ऑफिस और कामकाजी लोगों की वजह से सबसे ज्यादा भीड़ होती है. अगर आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती है तो बाकी दिनों में भी अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जा सकती हैं. इस फैसले से खासतौर पर ऑफिस टाइम में सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.

भीड़ संभालने के लिए सुरक्षा बढ़ाई

मेट्रो सेवाएं बढ़ने के साथ ही स्टेशनों पर भीड़ बढ़ सकती है. इसे ध्यान में रखते हुए DMRC ने सुरक्षा और सुविधा दोनों पर फोकस किया है. प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनी रहे. इसके अलावा टिकट लेने के लिए नए काउंटर खोले जाएंगे. इससे लंबी कतारों की समस्या कम हो सके. बैगेज स्कैनिंग मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है. यात्रियों की जांच के लिए एक्सट्रा फ्रिस्किंग स्टाफ तैनात किया जाएगा.

ट्रैफिक और ईंधन खपत पर असर

दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क राजधानी के लगभग हर बड़े इलाके को जोड़ता है. यह रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस अड्डों और अन्य ट्रांजिट सिस्टम से सीधे कनेक्टेड है. ऐसे में अधिक लोग अगर मेट्रो का इस्तेमाल करेंगे तो सड़क पर निजी वाहनों की संख्या कम हो सकती है. इससे ट्रैफिक जाम की समस्या में भी राहत मिलेगी.

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

मेट्रो के अतिरिक्त फेरे शुरू होने से सबसे ज्यादा फायदा उन यात्रियों को होगा जो रोजाना लंबी दूरी तय करते हैं. कई रूट्स पर पीक ऑवर में ट्रेनें काफी भीड़भाड़ वाली हो जाती हैं. नई व्यवस्था लागू होने के बाद ट्रेनों के बीच का अंतर कम हो सकता है. नोएडा, गुरुग्राम और द्वारका जैसे रूट्स पर यात्रा करने वालों को राहत मिलने की उम्मीद है.