menu-icon
India Daily

Delhi New Traffic Rules: अब नहीं बच पाएंगे ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले, 45 दिन के अंदर भरना होगा जुर्माना

दिल्ली में नई डिजिटल ट्रैफिक चालान प्रणाली लागू हो गई है, जिसमें 45 दिनों के भीतर जुर्माना भरना या चुनौती देना जरूरी होगा. तय समयसीमा के बाद चालान स्वतः स्वीकार माना जाएगा और अतिरिक्त दंड लग सकता है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Delhi New Traffic Rules: अब नहीं बच पाएंगे ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले, 45 दिन के अंदर भरना होगा जुर्माना
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक नियमों को लेकर बड़ा बदलाव लागू किया गया है. अब सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी लंबे समय तक पीछा नहीं छोड़ेगी. नई प्रणाली के तहत हर चालान का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे नियम तोड़ने वालों पर नजर रखना आसान हो जाएगा. सरकार ने इस कदम को सख्ती के साथ लागू करने का संकेत दिया है. इस बदलाव का मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार नई व्यवस्था में समयसीमा तय कर दी गई है, जिससे लोग देरी न करें. इससे न केवल मामलों का निपटारा तेज होगा, बल्कि नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ेगी. 

डिजिटल प्रक्रिया बनी पहली शर्त 

अब ट्रैफिक चालान मिलने पर सीधे अदालत जाने का विकल्प खत्म कर दिया गया है. पहले नागरिकों को ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करनी होगी. यदि कोई व्यक्ति अदालत में अपील करना चाहता है, तो उसे जुर्माने की आधी राशि पहले जमा करनी होगी. इस व्यवस्था से फालतू मामलों को कम करने और प्रक्रिया को तेज करने की कोशिश की गई है.

45 दिन की तय सीमा, चूकने पर असर 

नई प्रणाली के तहत चालान जारी होने के बाद 45 दिनों का समय दिया गया है. इस दौरान व्यक्ति को जुर्माना भरना या उसे चुनौती देना होगा. यदि तय समय में कोई कदम नहीं उठाया जाता, तो चालान स्वतः स्वीकार माना जाएगा. इसके बाद अतिरिक्त समय जरूर मिलेगा, लेकिन देरी करने पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है.

नियमों की अनदेखी अब महंगी 

यदि कोई व्यक्ति समय पर जुर्माना नहीं भरता, तो उसके लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. वाहन से जुड़ी जरूरी सेवाएं जैसे टैक्स जमा करना, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण और रजिस्ट्रेशन पर रोक लग सकती है. कुछ मामलों में वाहन को लेनदेन के लिए अनुपयुक्त घोषित किया जा सकता है, जिससे मालिक को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.

बार-बार गलती पर सख्त कार्रवाई

नई व्यवस्था खासतौर पर बार-बार नियम तोड़ने वालों को ध्यान में रखकर बनाई गई है. एक साल में पांच या उससे अधिक उल्लंघन करने वालों को गंभीर श्रेणी में रखा जाएगा. ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित या स्थायी रूप से रद्द किया जा सकता है. यह कदम सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के लिए अहम माना जा रहा है.

पूरी तरह डिजिटल निगरानी 

अब चालान जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो गई है. कैमरों और निगरानी प्रणाली के जरिए उल्लंघन रिकॉर्ड किए जाएंगे और ई-चालान तीन दिनों के भीतर भेजे जाएंगे. सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी. अधिकारियों ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अपने मोबाइल नंबर और दस्तावेज अपडेट रखें, ताकि किसी सूचना से वंचित न रहें.