साउथ दिल्ली के आरके पुरम इलाके में गुरुवार रात सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को एक कार ने टक्कर मार दी. बाइक पर बैठे 21 वर्षीय युवक के गिरने के बाद कार मोटरसाइकिल को कुछ दूर तक घसीटती ले गई.
इस घटना में युवक को गंभीर चोट नहीं आई. वहीं पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. लेकिन सोशल मीडिया पर अब ये वीडियो वायरल हो रहा है. दिल्ली से आई इस वीडियो ने लोगों की चिंता को बढ़ा दी है.
पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे भीकाजी कामा प्लेस और आरके पुरम मेट्रो स्टेशन के बीच अफ्रीका एवेन्यू रोड पर हुआ. दुर्घटना की सूचना रात करीब 10:22 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की. पुलिस ने बताया कि मुनिरका गांव निवासी 21 वर्षीय तनिष टोकस अपनी काली मोटरसाइकिल पर सड़क किनारे मौजूद थे. इसी दौरान वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल की नीली होंडा अमेज कार वहां पहुंची और मोटरसाइकिल से टकरा गई.
मिली जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि तनिष मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए. इसके बाद कार बाइक को कुछ दूरी तक अपने साथ घसीटती चली गई. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवक खुद कार या मोटरसाइकिल के साथ घसीटे नहीं गए. हादसे के बाद तनिष की चिकित्सकीय जांच कराई गई. पुलिस के मुताबिक, उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं लगी है. घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी नहीं है.
दिल्ली के RK पुरम में एक शख्स पार्क की गई बाइक से गिर गया, जिसके बाद बाइक कार के नीचे घिसटती चली गई। मामले में 73 वर्षीय कार चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है। #DelhiNews #RKPuram #RoadAccident #DelhiPolice #IndiaDaily24x7 pic.twitter.com/3dXJXkYgpQ
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) September 18, 2026
आरके पुरम पुलिस थाने में इस मामले को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(a) के तहत केस दर्ज किया गया है. धारा 281 सार्वजनिक रास्ते पर लापरवाही से वाहन चलाने या सवारी करने से जुड़ी है, जबकि धारा 125(a) किसी व्यक्ति की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य से संबंधित है. जांच के दौरान पुलिस ने हादसे में शामिल होंडा अमेज कार को जब्त कर लिया. वहीं, चालक वेणु गोपाल को हिरासत में लिया गया है.
पुलिस ने बताया कि गोपाल की भी चिकित्सकीय जांच कराई गई थी. जांच में उनके शराब के सेवन का कोई प्रमाण नहीं मिला. पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों, वाहन की गति और टक्कर के कारणों समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.