menu-icon
India Daily

रायगढ़ में महिला वकील की बेरहमी से हत्या, अधनंगी हालत में मिली लाश; आरोपियों की पैरवी नहीं करेंगे वकील

रायगढ़ जिले में जूनियर महिला वकील की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. जंगल में झाड़ियों के बीच मिला शव इतनी बुरी हालत में था कि पहचान छिपाने के लिए चेहरा पत्थरों से कुचल दिया गया था.

babli
Edited By: Babli Rautela
रायगढ़ में महिला वकील की बेरहमी से हत्या, अधनंगी हालत में मिली लाश; आरोपियों की पैरवी नहीं करेंगे वकील
Courtesy: AI

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से सामने आई इस वारदात ने लोगों को हिला कर रख दिया है. पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह गांव के जंगल में झाड़ियों के बीच एक महिला की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस के मुताबिक महिला का शव अधनंगी हालत में मिला था और उसके पास कपड़े पड़े हुए थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला के चेहरे को पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया गया था ताकि उसकी पहचान न हो सके. शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं. गले और गर्दन के पीछे भी घाव मिले हैं. शुरुआती जांच में हत्या के लिए किसी धारदार हथियार के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है.

आराधना सिदार के रूप में हुई पहचान

बाद में मृतका की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई. वह रायगढ़ जिला अदालत में जूनियर वकील के तौर पर काम कर रही थीं. पुलिस के अनुसार वह आदिवासी समाज से संबंध रखती थीं और रायगढ़ में किराये के कमरे में रह रही थीं. इस हत्या के बाद जिला अधिवक्ता संघ में भारी नाराजगी देखने को मिली. सैकड़ों वकीलों ने शोकसभा आयोजित की और जिला अदालत से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला. वकीलों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा.

आरोपियों की पैरवी नहीं करेंगे वकील

Raigarh District Bar Association के अध्यक्ष लालमणि त्रिपाठी ने कहा कि इस मामले में कोई भी अधिवक्ता आरोपियों की पैरवी नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि इस तरह की क्रूर घटना समाज और कानून दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है. मृतका के परिवार ने पुलिस जांच की रफ्तार पर सवाल उठाए हैं. परिजनों का कहना है कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. उन्होंने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए.

जानकारी के मुताबिक बता दें की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. हालांकि अभी तक हत्या की असली वजह साफ नहीं हो सकी है.