रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून के बीच अगले चार दिनों तक मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. खास तौर पर उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ थंडरस्टॉर्म और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. अगले दो दिनों तक भी कई जगह बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. बिलासपुर में 10 अगस्त की सुबह से रात तक बारिश हुई, जिसके कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई थी. आने वाले दिनों में भी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने की संभावना बनी रह सकती है.
प्रदेश में अब तक मानसून की स्थिति सामान्य श्रेणी में बनी हुई है. 1 जून से अब तक छत्तीसगढ़ में कुल 650.9 मिलीमीटर यानी करीब 25.6 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है. इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 686.6 मिलीमीटर यानी लगभग 27 इंच होना चाहिए था. इस हिसाब से प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम है, लेकिन मौसम विभाग इसे सामान्य श्रेणी में मान रहा है.
तापमान की बात करें तो जगदलपुर और दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने और बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में आने वाले चार दिन बारिश के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगे. भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी जाती है. बारिश के दौरान स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी होगा.