पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव को लेकर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने एक बड़ा बयान दिया है. बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद मीडिया से चर्चा की. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव राजनीति से गायब हो गए हैं. केंद्रीय मंत्री ने यह टिप्पणी तेजस्वी यादव के विधानसभा सत्र में अनुपस्थित रहने के बाद की.
#WATCH | Patna, Bihar: On the absence of Bihar LoP Tejashwi Yadav from the Assembly session, Union Minister Nityanand Rai says, "Tejashwi Yadav has disappeared from Bihar's politics... This indicates that he has no attachment to Bihar and its people... The people of Bihar are… pic.twitter.com/I3WwgRFW3S
— ANI (@ANI) December 6, 2025
उन्होंने कहा कि इससे यह जाहिर होता है कि तेजस्वी यादव का बिहार और यहां के लोगों से कोई खास लगाव नहीं है. नित्यानंद राय ने आगे कहा कि बिहार की जनता सब देख रही है. इसके पहले भी तेजस्वी यादव विधानसभा से निकलते समय मीडिया के सवालों का जवाब दिए बिना चले गए थे.
तेजस्वी यादव के शीतकालीन सत्र में नदारद रहने और विदेश जाने के मामले में केवल बीजेपी और जेडीयू ही नहीं, बल्कि उनके करीबी रह चुके नेता मदन शाह ने भी सवाल उठाए हैं. मदन शाह ने कहा कि तेजस्वी यादव फिलहाल यूरोप में हैं, जबकि यह समय उनकी पार्टी को मजबूत करने का था.
मदन शाह ने कहा कि सत्र के दौरान उन्हें पार्टी की मजबूती पर ध्यान देना चाहिए था. उन्होंने कहा कि पार्टी का हालिया चुनाव परिणाम सभी के सामने है और इसे देखकर साफ लगता है कि पार्टी कमजोर हो गई है. मदन शाह ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव पार्टी के नेता होने के नाते इसे मजबूत करने के लिए जिम्मेदारी निभाएं.
आपको बता दें कि हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा था. महागठबंधन में शामिल राजद को महज 25 सीटों पर ही जीत मिली थी. एनडीए ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 202 सीटों पर फतह हासिल की थी. विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के घर से फूट की खबरें सामने आई थी. लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव व उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए थे.