menu-icon
India Daily

बिहार के खेतों में काम कर रहे लोगों पर बरसी आफत, ठनका गिरने से 12 लोगों की मौत

बिहार में अचानक बदले मौसम के बीच ठनका गिरने की घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसों पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
बिहार के खेतों में काम कर रहे लोगों पर बरसी आफत, ठनका गिरने से 12 लोगों की मौत
Courtesy: Pinterest

बिहार के कई जिलों में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ ठनका गिरने लगा. इस दौरान बांका, लखीसराय और जमुई में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग झुलस गए. मृतकों में बड़ी संख्या महिलाओं की है. वहीं नवादा के रजौली में भी तीन मजदूरों की बिजली गिरने से मौत हो गई.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटनाओं पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों को मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये का अनुदान देने का निर्देश दिया है.

बांका में पांच लोगों की मौत

बांका जिले में अलग-अलग जगहों पर ठनका गिरने से पांच लोगों की जान चली गई. चांदन के बोड़ा-सुईया गांव में धान रोपने गईं कुशामी देवी, रेणु देवी और रिंकू देवी की मौके पर ही मौत हो गई. उन्हीं के परिवार के दो बच्चे, 10 साल के सौरभ कुमार और 12 साल की रानी कुमारी, जो खाना लेकर जा रहे थे. वे भी बिजली की चपेट में आने से झुलस गए. बताया गया कि बारिश से बचने के लिए लोग एक ऊंची झाड़ी के नीचे खड़े थे, तभी अचानक ठनका गिर पड़ा. बौंसी के सिराय गांव में भी सुरेश यादव और सुफियाना खातून की मौत हो गई. यहां माधुरी देवी, नसीमा खातून समेत अन्य लोग झुलस गए.

लखीसराय और जमुई में भी हादसे

लखीसराय के चानन क्षेत्र में धान रोपाई के दौरान बिजली गिरने से कोमल कुमारी और उनकी चाची रुदा देवी की मौत हो गई, जबकि धनवंती देवी झुलस गईं. संग्रामपुर के शिवडीह गांव में आंगनबाड़ी सहायिका अनुसूईया देवी की भी ठनका की चपेट में आने से जान चली गई. जमुई के सोनो प्रखंड में खेत में काम कर रही पूजा देवी और उनकी सास कविता देवी बिजली की चपेट में आ गईं. अस्पताल ले जाते समय पूजा देवी की मौत हो गई, जबकि कविता देवी का इलाज चल रहा है.

नवादा के रजौली थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास धान की रोपनी कर रहे तीन प्रवासी मजदूरों की ठनका गिरने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान राजेंद्र कुमार, इंद्रजीत कुमार और मणी कुमार के रूप में हुई है. तीनों सीतामढ़ी के मधेशरा गांव के रहने वाले थे और मजदूरी के लिए रजौली आए थे. हादसे में दो से तीन अन्य मजदूर भी झुलसे हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है.