menu-icon
India Daily

Bihar Accident: पटना में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार SUV ने कुचला, महिला सिपाही की मौत और दो अफसर घायल

Bihar Accident: बिहार के पटना में बुधवार रात को स्कॉर्पियो गाड़ी ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया, जिसमें एक महिला कांस्टेबल और दो इंस्पेक्टर घायल हुए. इलाज के दौरान महिला कांस्टेबल की मौत हो गई.

anvi shukla
Edited By: Anvi Shukla
Bihar Accident: पटना में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार SUV ने कुचला, महिला सिपाही की मौत और दो अफसर घायल
Courtesy: social media

Bihar Accident: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात को एक तेज़ रफ्तार स्कॉर्पियो SUV ने वाहन जांच कर रहे तीन पुलिसकर्मियों को रौंद डाला. हादसा पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके के नजदीक स्थित अटल पथ पर हुआ. इस हादसे में महिला सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिनकी इलाज के दौरान गुरुवार सुबह मौत हो गई.

घटना के समय तीनों पुलिसकर्मी श्रीकृष्णापुरी थाने में तैनात थे और वे अटल पथ पर वाहनों की रूटीन चेकिंग कर रहे थे. उसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से आकर एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी, जिससे तीनों पुलिसकर्मी उसकी चपेट में आ गए.

ड्राइवर फरार, दो सवार हिरासत में

हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि गाड़ी में मौजूद दो अन्य लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

वरिष्ठ अधिकारी ने दी जानकारी

पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अवकाश कुमार ने बताया, 'तीनों पुलिसकर्मी श्रीकृष्णापुरी थाने में तैनात थे और अटल पथ पर वाहनों की जांच कर रहे थे. उसी समय पीछे से एक तेज रफ्तार कार आई और सामने खड़ी कार को टक्कर मार दी, जिससे तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए. टक्कर मारने के बाद ड्राइवर वहां से भाग गया.'

अन्य दो पुलिसकर्मी खतरे से बाहर

इस हादसे में घायल हुए दो अन्य पुलिसकर्मी अब स्थिर हालत में बताए जा रहे हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है. वहीं, महिला सिपाही की मौत ने पूरे विभाग को शोक में डाल दिया है. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है.