कहीं हवा में उछले पत्तल तो कहीं हाथों से निकाला गया खाना, अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा जनसैलाब

बिहार के मोकामा में अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी में भारी भीड़ उमड़ने से महाभोज की व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं. करीब चार लाख लोगों के भोजन की तैयारी के दावों के बीच पत्तल हवा में उछालकर बांटनी पड़ी.

@SouleFacts and @9itish26 X Account
Km Jaya

बिहार के मोकामा में बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी इन दिनों चर्चा में है. शादी में उमड़ी भारी भीड़ ने महाभोज की व्यवस्थाओं को प्रभावित कर दिया. करीब चार लाख लोगों के भोजन की तैयारी के दावों के बावजूद हालात ऐसे बने कि लोगों को पत्तल हवा में उछालकर बांटनी पड़ी. कुछ लोग जमीन पर बैठकर खाना खाते दिखे, तो कुछ ने बड़े बर्तनों से हाथों से ही भोजन निकालना शुरू कर दिया. महाभोज के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं.

मोकामा के नदवां गांव में आयोजित इस शादी को भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं. मेहमानों और स्थानीय लोगों की भारी संख्या पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशाल महाभोज का आयोजन किया गया था. इसके लिए मैदान में अस्थायी रसोई तैयार की गई थी. 

कितने लोग की हुई व्यवस्था?

बड़े-बड़े कड़ाहों में पकवान बनाए जा रहे थे और हलवाइयों की कई टीमें लगातार भोजन तैयार करने में जुटी थीं. रसगुल्ले समेत कई तरह की मिठाइयों का भी बड़े पैमाने पर इंतजाम किया गया था. आयोजकों की ओर से करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था किए जाने का दावा किया गया था.


पत्तल बांटने में भी आई परेशानी

महाभोज के दौरान सबसे ज्यादा परेशानी भोजन वितरण को लेकर हुई. जैसे-जैसे खाने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ी, वैसे-वैसे व्यवस्था संभालना मुश्किल होता गया. कई जगह लोगों तक पत्तल पहुंचाने के लिए उन्हें हवा में उछालकर बांटना पड़ा. खाने के इंतजार में खड़े लोगों के बीच पत्तल पाने की होड़ दिखाई दी. कुछ लोग जहां जगह मिली, वहीं बैठकर भोजन करने लगे. भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों को व्यवस्थित तरीके से बैठाकर खाना खिलाने की व्यवस्था प्रभावित हो गई.

बर्तनों से खुद खाना निकालने लगे लोग

भोजन वितरण के दौरान कुछ ऐसे दृश्य भी सामने आए, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींचा. बड़े-बड़े बर्तनों में पकवान तैयार थे, लेकिन भीड़ के दबाव में कुछ लोग परोसने का इंतजार करने के बजाय खुद ही खाना निकालने लगे. कई तस्वीरों में लोग हाथों से भोजन निकालते दिखाई दिए. जिस महाभोज में लाखों लोगों को भोजन कराने की तैयारी थी, वहां भारी भीड़ के कारण व्यवस्थाओं को संभालना चुनौती बन गया.

घुड़दौड़ देखने उमड़ी भीड़

शादी में केवल महाभोज ही नहीं, बल्कि घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही. इसे देखने के लिए बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोग पहुंचे थे. भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि आसपास की सड़कों पर 10 किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम लग गया. मैदान के आसपास लोगों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही थी. 

कुछ लोग बेहतर नजारा देखने के लिए 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गए. हालात को देखते हुए अनंत सिंह ने घुड़दौड़ को बीच में ही रुकवा दिया. प्रतियोगिता का फाइनल राउंड गुरुवार को आयोजित किया जाना है. इसके विजेता घोड़े के मालिक को थार गाड़ी पुरस्कार में दी जाएगी.

बारिश के बावजूद रातोंरात हुईं तैयारियां

आयोजन से पहले पिछले चार दिनों से हो रही बारिश ने तैयारियों में परेशानी खड़ी कर दी थी. इसके बावजूद अनंत सिंह अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ देर रात तक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने में जुटे रहे. मैदान को तैयार कराया गया. घुड़दौड़ के लिए अलग जगह बनाई गई और हेलीपैड तक की व्यवस्था की गई. शादी में आने वाले मेहमानों और दर्शकों की संख्या को देखते हुए भोजन की व्यापक तैयारी की गई थी.

शादी में पहुंचे कई राजनीतिक चेहरे

शिवांगी की शादी में राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई चर्चित लोग शामिल हुए. उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव समेत कई प्रमुख हस्तियां समारोह में पहुंचीं. दूल्हा ऋषिकेश कुमार की बारात पटना के बिहटा स्थित कृष्णा नगर से आई थी. 

जयमाल के दौरान शिवांगी ने लैंड क्रूजर से भव्य एंट्री ली. अनंत सिंह खुद बारातियों का स्वागत करते नजर आए. शाही शादी, घुड़दौड़ और लाखों लोगों के महाभोज की तैयारियों के बीच अब भोजन वितरण के वायरल वीडियो भी इस आयोजन की चर्चा का बड़ा कारण बन गए हैं.