संविधान दिवस पर PM मोदी का विपक्ष पर बड़ा हमला, इमरजेंसी से अनुच्छेद 370 तक उठाए सवाल
संविधान दिवस के पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी.
नई दिल्ली: भारत आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मना रहा है. इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी. प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोकतांत्रिक सफर में संविधान ने क्या भूमिका निभाई है, इस पर एक लेख साझा किया. हालांकि, उनका लेख केवल संविधान के महत्व तक सीमित नहीं रहा.
पीएम मोदी ने देश में आपातकाल, संविधान संशोधन, चुनी हुई राज्य सरकारों को हटाने और जम्मू-कश्मीर के पुराने विशेष दर्जे जैसे मुद्दों पर पिछली सरकारों को घेरा. पीएम मोदी ने महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने, आरक्षण, संसद में विपक्ष की भूमिका और 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिलाने से जुड़े कानूनों के रास्ते में बाधा डाल रहा है.
सोशल मीडिया पर भी दी संविधान दिवस की शुभकामनाएं:
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक अलग संदेश जारी कर देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिया गया संविधान भारतीय लोकतंत्र की अनमोल विरासत है.
Also Read
संविधान को आम नागरिकों के जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी- पीएम
पीएम मोदी के मुताबिक, संविधान को केवल संसद और अदालतों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे आम नागरिकों के जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि भारत जैसे विविधता वाले देश में संविधान की भावना को हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. देश में अलग-अलग धर्म, भाषाएं, परंपराएं और विचारधाराएं हैं. ऐसे में संविधान ही सभी को एक सूत्र में जोड़ने का काम करता है.
प्रधानमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि उनकी सरकार ने एक दशक से ज्यादा समय पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था. इसका उद्देश्य खासतौर पर युवाओं को संविधान के बारे में जागरूक करना था.
पहले संविधान संशोधन और आपातकाल पर पिछली सरकारों को घेरा:
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में 1951 के पहले संविधान संशोधन का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की सरकार ने पहले आम चुनाव से कुछ महीने पहले संविधान में बदलाव कर मौलिक स्वतंत्रताओं को सीमित करने का काम किया था.
पीएम मोदी ने कहा कि उस समय संसद में मौजूद सरकार को सीधे जनता से चुनावी जनादेश नहीं मिला था, फिर भी उसने अपने बहुमत का इस्तेमाल करते हुए संविधान में संशोधन किया. उनके अनुसार, इस कदम का उद्देश्य विरोध की आवाज को दबाना और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करना था. यह प्रधानमंत्री का राजनीतिक आकलन है, जिसके जरिए उन्होंने शुरुआती वर्षों में संविधान में किए गए बदलावों पर सवाल उठाए.
इसके अलावा उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल और 42वें संविधान संशोधन का भी उल्लेख किया. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान किए गए इस संशोधन से न्यायपालिका की समीक्षा करने की शक्ति प्रभावित हुई और संवैधानिक संस्थाओं के बीच अधिकारों का संतुलन बदल गया.
उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों के बारे में भी पढ़ने की अपील की. प्रधानमंत्री का कहना था कि इन संशोधनों को समझने से यह पता चलेगा कि आपातकाल के दौर में संविधान की व्यवस्था में किस तरह के बदलाव किए गए थे.
इन मुद्दों पर भी पीएम मोदी ने उठाया:
इसके अलावा उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाएं. साथ ही पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 और 35A पर भी बात की. संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा भी उठाया. प्रधानमंत्री ने अपने लेख में कहा कि देश की नारी शक्ति को भरोसा दिलाते हैं कि महिलाओं को न्याय दिलाने के रास्ते में कोई ताकत बाधा नहीं बन सकती.
2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य दोहराया:
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख के अंत में संविधान के मूल्यों को भारत के भविष्य से जोड़ते हुए 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया. उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए सरकार और नागरिकों, दोनों को अपनी जिम्मेदारियां समझनी होंगी.
पीएम मोदी के मुताबिक, भारत को आगे बढ़ाने के लिए देश को प्राथमिकता देना और अपने कर्तव्यों का पालन करना जरूरी है. संविधान केवल सरकार चलाने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है.