हरियाणा में गैंगवार से दहला रोहतक, होटल में अंधाधुंध फायरिंग; 4 युवकों की मौत
हरियाणा के रोहतक में गुरुवार तड़के गैंगवार की एक सनसनीखेज घटना सामने आई. यहां एक होटल में हुई अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की गोली लगने से मौत हो गई.
रोहतक: हरियाणा के रोहतक में गुरुवार तड़के गैंगवार की एक सनसनीखेज घटना सामने आई. यहां एक होटल में हुई अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की गोली लगने से मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात करीब 1 बजे खरावर गांव के पास स्थित मिलन ढाबा में हुई. बताया जा रहा है कि यहां दो विरोधी गैंग के सदस्य आमने-सामने आ गए और उनके बीच गोलियां चलने लगीं.
शुरुआती जानकारी में इस वारदात को बाबा और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच चल रही दुश्मनी से जोड़कर देखा जा रहा है. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे.
Also Read
बताया गया कि हमलावरों ने करीब 14 से 15 राउंड फायरिंग की और फिर मौके से फरार हो गए. इस हत्या की जिम्मेदारी कथित तौर पर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े वीरेंद्र चरण ने ली थी.
कौन है वीरेंद्र चरण?
वीरेंद्र चरण एक वांछित गैंगस्टर है. उसका नाम दिसंबर 2023 में जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जांच के दौरान सामने आया था. NIA के मुताबिक, वह रोहित गोदारा और अन्य आरोपियों के साथ इस साजिश में कथित तौर पर शामिल था. उस पर हमलावरों और हथियारों की व्यवस्था करने का भी आरोप है.