menu-icon
India Daily

पटना के गांधी मैदान में बवाल, पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों और तेज प्रताप यादव को लिया हिरासत में

नीट पेपर लीक मामला अब पटना तक पहुंच गया है. पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में छात्रों के प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान बवाल हो गया. पुलिस को छात्रों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.

babli
Edited By: Babli Rautela
पटना के गांधी मैदान में बवाल, पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों और तेज प्रताप यादव को लिया हिरासत में
Courtesy: X

पटना: नीट पेपर लीक मामला अब पटना तक पहुंच गया है. पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में छात्रों के प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान बवाल हो गया. पुलिस को छात्रों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. पुलिस ने पहले से ही पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी. प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे छात्रों पर लगातार कार्रवाई हो रही है. 

पुलिस गांधी मैदान के आसपास किसी भी छात्र को इकट्ठा होने नहीं दे रही है. जो छात्र पहुंच रहे हैं, उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर अन्य जगहों पर भेज दिया जा रहा है. पूरे क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है जिससे कोई बड़ी घटना न हो.

तेज प्रताप यादव को लिया गया हिरासत में

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेज प्रताप यादव छात्रों के समर्थन में गांधी मैदान पहुंचे. पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने कहा, “हम अपने युवाओं के साथ हैं. उनके अधिकारों की लड़ाई में हम कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और मर-मिटने को भी तैयार हैं.” तेज प्रताप की हिरासत के बाद पटना में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. विपक्षी दलों ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की है. वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

छात्र कर रहे मांग

छात्र शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते थे. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. लेफ्ट छात्र संगठनों के कार्यकर्ता लगातार मैदान पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस उन्हें रोक रही है.

दिल्ली में CJP प्रदर्शन

दिल्ली के जंतर मंतर पर पिछले 5 दिनों से CJP के समर्थन में युवाओं का प्रदर्शन जारी है. युवा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े हुए हैं. उन्होंने शनिवार रात तक सरकार को अल्टीमेटम दिया है. CJP के अध्यक्ष अभिजीत दीपके आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं, लेकिन उनकी तबीयत खराब है. जांच में टाइफाइड की पुष्टि हुई है.