मुजफ्फरपुर: मां ने उठाया खौफनाक कदम, ढाई साल के बेटे को बिस्किट में जहर देकर मार डाला; जानें वजह

मुजफ्फरपुर में एक ढाई साल के बच्चे की संदिग्ध जहरीले पदार्थ से मौत का मामला सामने आया है. बच्चे की मां पर बिस्किट में जहर मिलाकर खिलाने का आरोप है. पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है.

Pinterest
Km Jaya

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से मां और बेटे के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. रामपुरहरि थाना क्षेत्र के टेंगराहा उत्तर टोला में एक महिला पर अपने ढाई साल के बेटे आर्यन को जहर देकर मारने का आरोप लगा है. 

आरोप है कि महिला ने बिस्किट में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चे को खिला दिया. कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां आरती देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

बच्चे को खिलाया जहरीला बिस्किट

बताया गया है कि आरती देवी की सास गीता देवी और ससुर कैलाश राम किसी काम से घर से बाहर गए थे. इसी दौरान आरती ने कथित तौर पर बिस्किट में जहर मिलाकर अपने बेटे आर्यन को खिला दिया. कुछ देर बाद बच्चे की तबीयत खराब होने लगी. इसी बीच सास-ससुर भी घर लौट आए.


परिजनों ने आनन फानन में ग्रामीण चिकित्सक को बुलाया, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी. बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.

रोने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण

बच्चे की तबीयत बिगड़ने के बाद आरती जोर जोर से रोने लगी. उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों के मुताबिक बच्चे के मुंह से झाग निकल रहा था. मासूम की हालत देखकर दादा दादी का रो रोकर बुरा हाल हो गया. दादी गीता देवी बार बार बेहोश हो रही थीं.

घटना की सूचना मिलने के बाद रामपुरहरि पुलिस मौके पर पहुंची. एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई नमूने लिए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया. आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

पति पंजाब में करता है मजदूरी

मृतक बच्चे के पिता अखिलेश राम परिवार के पालन पोषण के लिए पंजाब में मजदूरी करते हैं. घटना की जानकारी उन्हें फोन के जरिए दी गई और उन्हें घर बुलाया गया है. परिवार के मुताबिक अखिलेश और आरती के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.

आरती के एक और करीब एक साल का बेटा सिद्धांत है और वह गर्भवती भी बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस कर रही पूछताछ

थानेदार अंजली कुमारी ने बताया कि महिला को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस जहरीले पदार्थ की पुष्टि और घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की स्थिति साफ होने की उम्मीद है.