menu-icon
India Daily

मटन की जगह चिकन परोसने पर हुआ बवाल, बाराती और घरातियों के बीच हुई जमकर मारपीट; 12 लोग घायल

बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में एक शादी में मटन की जगह चिकन परोसे जाने के आरोप पर बारात और घरातियों के बीच हिंसक झगड़ा हो गया. घटना में करीब 12 लोग घायल हुए.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मटन की जगह चिकन परोसने पर हुआ बवाल, बाराती और घरातियों के बीच हुई जमकर मारपीट; 12 लोग घायल
Courtesy: Chatgpt

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में एक शादी समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब दावत में मटन की जगह चिकन परोसे जाने को लेकर बारात और घरातियों के बीच विवाद हो गया. इस झगड़े में करीब 12 लोग घायल हो गए. घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ लोग लाठी डंडों से हमला करते और तलवार लहराते दिखाई दे रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अनवर के बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे मोहम्मद जावेद उर्फ मोटो की बेटी के साथ संपन्न हुआ. निकाह की रस्म शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई और दोनों परिवारों ने खुशी के साथ समारोह में हिस्सा लिया.

क्या है पूरा मामला?

बताया गया कि निकाह के बाद बाराती भोजन के लिए बैठे. दूल्हे पक्ष का आरोप है कि शादी से पहले उन्हें दावत में मटन परोसने का वादा किया गया था. लेकिन जब खाना परोसा गया तो उसमें चिकन मिला. इसे लेकर बारातियों ने आपत्ति जताई और दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी शुरू हुई.

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए. मारपीट के दौरान लाठी डंडे चले और कुछ लोगों ने तलवार भी लहरा दी. इस हिंसक झगड़े में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और आगे किसी तरह का तनाव न फैले, इसके लिए इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने इस घटना को चर्चा का विषय बना दिया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शादी समारोह के बीच अचानक अफरा तफरी मच जाती है और लोग एक दूसरे पर हमला करने लगते हैं. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वायरल वीडियो की भी जांच होगी. जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.