menu-icon
India Daily

गोपालगंज में सड़क हादसे के बाद मौत की अफवाह से भड़की हिंसा, गुस्साई भीड़ ने पुलिस वाहन में लगाई आग

बिहार के गोपालगंज में सड़क दुर्घटना के बाद फैली अफवाह ने हिंसा का रूप ले लिया. पुलिस वाहन और बाइक की टक्कर में तीन युवक घायल हो गए थे. अस्पताल ले जाने के बाद अफवाह फैली कि एक युवक की मौत हो गई, जिससे भीड़ भड़क उठी और पुलिस वाहन में आग लगा दी.

Kanhaiya Kumar Jha
Edited By: Kanhaiya Kumar Jha
Gopalganj Violence India Daily
Courtesy: Gemini AI

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में रविवार शाम एक सड़क दुर्घटना के बाद हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए.  हादसे में घायल हुए बाइक सवार की मौत की झूठी अफवाह फैलने के बाद गुस्साई भीड़ ने एक पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया. यह घटना जादोपुर चौक के पास हुई, जहां एक पुलिस एसयूवी और मोटरसाइकिल की टक्कर में तीन युवक घायल हो गए. 

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुआ, जब सर्किल इंस्पेक्टर को लेकर एक पुलिस वाहन पुलिस लाइन की ओर जा रहा था. उसी समय सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को बचाने की कोशिश में बाइक सवार असंतुलित होकर गिर गए और घायल हो गए. 

घायलों का गंभीर हालत में उपचार जारी

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश दीक्षित ने बताया कि हादसे में घायल युवकों की पहचान नंद कुमार चौहान, एहसान अली और राजा हुसैन के रूप में हुई है, जो सभी गोपालगंज के सरेया मोहल्ला के निवासी हैं. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. 

अफवाह फैलने से भड़की हिंसा

लेकिन थोड़ी ही देर बाद इलाके में अफवाह फैल गई कि एक युवक की मौत हो गई है. यह सुनकर स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. भीड़ ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और देखते-देखते एक पुलिस वाहन को आग लगा दी. 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन कुछ ही सेकंड में जलकर राख हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की. सदर एसडीपीओ प्रांजल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसूं गैस के गोले छोड़े. 

एसपी ने कार्रवाई को लेकर क्या कहा?

एसपी दीक्षित ने बताया कि हिंसा के दौरान एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है.  उन्होंने कहा कि अफवाह के कारण यह उपद्रव हुआ, जबकि किसी की मौत नहीं हुई थी. दोषियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. 

रात तक पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया था और स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रण में बताया गया. अधिकारियों ने बताया कि जला हुआ पुलिस वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया है, लेकिन अब हालात सामान्य हैं.