menu-icon
India Daily

'बीजेपी के टॉप लीडरशिप के निर्देश पर NDA को बहुमत', बिहार Exit Poll पर तेजस्वी यादव का रिएक्शन

बिहार विधानसभा में इस बार ऐतिहासिक मतदान हुआ है. आजादी के बाद किसी चुनाव में इतनी ज्यादा वोटिंग हुई है. बिहार में मंगलवार को दूसरे चरण में 122 सीटों पर 68.79 फीसदी वोट पड़ा जो पहले चरण से भी ज्यादा था.

Tejashwi Yadav
Courtesy: @Ankitydv92 X account

पटना: बिहार में वोटिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार देर शाम एग्जिट पोल आए. ज्यादातर एग्जिट पोल में बिहार में फिर से एनडीए सरकार को जोरदार बहुमत का अनुमान लगाया गया. आरजेडी नेता और राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बुधवार को पटना में एक प्रेस कांफ्रेंस की और अपनी राय रखी,

तेजस्वी ने बीजेपी की टॉप लीडरशिप पर आरोप लगाया कि उनके इशारे पर एग्जिट पोल मैनेज किए गए और एनडीए की जीत का अनुमान लगाया गया. उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें जो फीडबैक मिल रहा है, उससे बीजेपी और एनडीए के माथे पर पसीना आ गया है. ये लोग लोग बेचैन और घबराए हुए हैं.

चुनाव अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए सर्वे

सर्वे की झूठी उम्मीद के भरोसे और इनको लेकर किसी तरह का भ्रम हमें नहीं है, ये सर्वे सिर्फ चुनाव अधिकारियों पर दबाव बनाने और मनोवैज्ञानिक असर डालने के लिए लाए जाते हैं. तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने पहले भी कहा कि 14 को रिजल्ट आएंगे तो महागठबंधन की सरकार बनेगी और 18 को मुख्यमंत्री पद की शपथ होगी. ये निश्चित तौर पर होने जा रहा है.

उन्होंने कहा कि एनडीए में तो ऐलान नहीं हुआ कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा. बता दें कि बिहार में इस बार ऐतिहासिक मतदान हुआ है. दोनों चरणों में आजादी के बाद किसी चुनाव में इतनी ज्यादा वोटिंग हुई है. बिहार में मंगलवार को दूसरे चरण में 122 सीटों पर 68.79 फीसदी वोट पड़ा जो पहले चरण से भी ज्यादा था.

बिहार में पहले चरण की बात करें तो 121 विधानसभा सीटों पर रिकॉर्ड 64.66% वोट पड़े थे. देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने दूसरे चरण के बाद वोटिंग को ऐतिहासिक बताया. कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव तो छोड़िए लोकसभा चुनाव में भी कभी भी इतनी भारी संख्या में मतदान नहीं हुआ.