बिहार के हाजीपुर में बड़ा हादसा हुआ है. यहां हाईटेंशन तार की चपेट में ट्रॉली में लगा डीजे आ गया. इससे ट्रॉली सवार 8 लोगों की करंट लगने से मौत हो गई. घटना जंदाहा रोड औद्योगिक थाना क्षेत्र के बाबा चुहरमल इलाके की है. इस घटना के लिए गांव वालों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया और जब एसडीएम और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया.
औद्योगिक थाना क्षेत्र में यह घटना नाइपर गेट के निकट बाबा चौहरमल स्थान के पास हुई. सावन महीने में गांव के लड़के हर सोमवार की तरह पास के ही हरिहरनाथ मंदिर जा रहे थे. रविवार की रात भी सभी दर्शन के लिए निकले. इस गांव की सड़क ऊबड़-खाबड़ होने की वजह से ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क के ऊपर से ही गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई. ट्राली पर सवार लड़के झुलस गए.
जिलाधिकारी यशपाल मीणा ने अस्पताल पहुंचकर घायल से घटना की जानकारी ली. सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने आठ कांवड़ियों की मौत की पुष्टि की है. सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है. सभी पास के सुल्तानपुर गांव के रहने वाले थे. इस हादसे की खबर होते ही बड़ी संख्या में पुलिसबल के साथ एसडीएम मौके पर पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने हंगामा किया. लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से घटना घटी.
हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सभी कांवडिये जल लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सोमवार की सुबह जलाभिषेक करने के लिए निकले थे. इसी दौरान नाइपर गेट के पास बाबा चौहरमल स्थान के निकट डीजे ट्राली पर लगा लाउडस्पीकर बिजली के तार की चपेट में आ गया. ट्राली में सवार सभी करंट की चपेट में आ गए. हादसा महज 15 सेकंड के अंदर हो गया. किसी को भी संभलने का मौका तक नहीं मिला.