Bihar Murder Case: गर्भवती होने पर प्रेमी का बदल गया रूप, नाबालिग को खेत में बुलाकर गला दबाकर उतारा मौत के घाट
Bihar Murder Case: गोपालगंज में एक नाबालिग लड़की की हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें प्रेमी ने प्रेग्नेंसी के चलते शादी का दबाव बनाने पर गला दबाकर हत्या कर दी और शव गन्ने के खेत में फेंक दिया.
Bihar Murder Case: बिहार के गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के बलुआ टोला गांव में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. नाबालिग के प्रेमी विवेक कुमार सिंह ने स्वीकार किया है कि उसने ही लड़की की गला दबाकर हत्या की और शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया.
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतका का गांव के ही युवक विवेक कुमार सिंह से प्रेम संबंध था. इस दौरान नाबालिग गर्भवती हो गई थी. गर्भ ठहरने के बाद वह प्रेमी पर शादी का दबाव बनाने लगी. इससे परेशान होकर आरोपी ने उसे जान से मारने की योजना बना ली. पुलिस के अनुसार, विवेक पहले से ही इस रिश्ते को खत्म करना चाहता था और प्रेग्नेंसी से वह बेहद डर गया था.
मिलने के बहाने खेत में बुलाया
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 8 जून की रात आरोपी ने लड़की को फोन कर गन्ने के खेत में मिलने के लिए बुलाया. वहां उसने पहले बातों में उलझाया और फिर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को वहीं फेंक कर आरोपी मौके से फरार हो गया. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी.
तकनीकी जांच से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की. कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जब आरोपी विवेक कुमार सिंह को हिरासत में लिया गया, तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया. पुलिस ने बताया कि 'घटना अवैध संबंध और शादी के दबाव की वजह से हुई है.'
पुलिस का आधिकारिक बयान
गोपालगंज पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया, 'दिनांक 8 जून को बलुआ टोला गांव में गन्ने के खेत से एक नाबालिग का शव मिला. कांड संख्या 110/25 दर्ज कर जांच की गई. मुख्य आरोपी विवेक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.'