US Israel Iran War

बेटे की चाह में पिता बना हैवान, कीटनाशक पिलाकर दोनों जुड़वां बेटियों को उतारा मौत के घाट

तेलंगाना के करीमनगर में एक पिता ने बेटे की चाह में अपनी चार साल की जुड़वां बेटियों की हत्या कर दी. जिसने भी इस घटना के बारे में सुना वह सन्न रह गया.

x
Sagar Bhardwaj

तेलंगाना के करीमनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. एक पिता पर आरोप है कि उसने अपनी ही चार साल की जुड़वां बेटियों को जहर देकर कुएं में फेंक दिया. बताया जा रहा है कि वह बेटा न होने से नाराज था और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था.

बेटे की चाह बनी वजह

पुलिस के अनुसार आरोपी श्रीशैलम अपनी बेटियों के जन्म से ही नाराज था. परिवार के लोग कई बार उसे समझा चुके थे, लेकिन उसका रवैया नहीं बदला. वह बार-बार बेटे की चाहत को लेकर पत्नी से झगड़ा करता था.

खौफनाक वारदात का खुलासा

शुक्रवार को एक बार फिर विवाद के बाद आरोपी ने कथित रूप से अपनी दोनों बेटियों को कीटनाशक पिला दिया. इसके बाद उसने उन्हें कुएं में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई. इलाके में जिसने भी इस घटना के बारे में सुना वह सन्न रह गया.

स्थानीय लोगों का गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया. गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने मौके से एक बच्ची का शव बरामद कर लिया है.

दूसरी बच्ची की तलाश जारी

दूसरी बच्ची की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव और सोच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.