menu-icon
India Daily

'बांकीपुर मेरा घर है, इसे भेदना आसान नहीं...', BJP उम्मीदवार के समर्थन में उतरे नितिन नवीन

बांकीपुर उपचुनाव से पहले भाजपा ने प्रचार तेज कर दिया है। नितिन नवीन और सम्राट चौधरी ने रोड शो करते हुए विपक्ष को चुनौती देते हुए जीत का दावा किया।

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'बांकीपुर मेरा घर है, इसे भेदना आसान नहीं...', BJP उम्मीदवार के समर्थन में उतरे नितिन नवीन
Courtesy: @NitinNabin

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले सभी प्रमुख दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। एक ओर जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में पूरी ताकत से जुटे हैं, तो दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल भी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

 BJP के प्रचार में उतरे बड़े चेहरे

भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वयं चुनाव प्रचार के लिए बांकीपुर पहुंचे। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से रोड शो किया और बाद में एक जनसभा को संबोधित कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। पार्टी नेताओं ने इसे विकास और विश्वास की लड़ाई बताते हुए कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का प्रयास किया।

'बांकीपुर मेरा घर है' कहकर दिया संदेश

रैली को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने भावनात्मक अंदाज में कहा कि बांकीपुर केवल उनका राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार यहीं रहता है और इस इलाके से उनका गहरा जुड़ाव है। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा, "बांकीपुर में मेरा परिवार रहता है, मेरा घर है और मेरे घर को भेदना इतना आसान नहीं है।" उन्होंने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत इस चुनाव में नया इतिहास बनाएगी।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

अपने संबोधन में नितिन नवीन ने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भाजपा और बांकीपुर की जनता के बीच विश्वास का रिश्ता कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे अपने प्रयास में सफल नहीं होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक दलों को इस बात से परेशानी है कि भाजपा ने एक सामाजिक कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है।

सम्राट चौधरी ने भी जताया भरोसा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रोड शो और जनसभा के दौरान कहा कि बिहार की जनता का विश्वास आज भी एनडीए और भाजपा के साथ है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर की जनता कमल चुनाव चिह्न पर मतदान कर नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाएगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरे साल जनता के बीच रहकर काम करते हैं।

दिलचस्प मुकाबले पर सबकी नजर

बांकीपुर उपचुनाव में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। भाजपा जहां अपनी सीट बरकरार रखने की कोशिश में जुटी है, वहीं विपक्ष भी इसे प्रतिष्ठा का चुनाव मानकर पूरी ताकत लगा रहा है। ऐसे में 30 जुलाई को होने वाला मतदान और उसके बाद आने वाला परिणाम बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देने वाला माना जा रहा है।