menu-icon
India Daily

Women T20 World Cup 2026: हरमनप्रीत की सेना पर टिकी निगाहें, जानिए भारत की सबसे मजबूत संभावित प्लेइंग इलेवन

टी20 महिला विश्व कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी. इस मैच के लिए जानिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन...

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
Women T20 World Cup 2026: हरमनप्रीत की सेना पर टिकी निगाहें, जानिए भारत की सबसे मजबूत संभावित प्लेइंग इलेवन
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: 12 जून से महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो गया है. टूर्नामेंट का आगाज इंग्लैंड बनाम श्रीलंका महिला टीमों के बीच मुकाबले से हुआ, जिसमें इंग्लिश खिलाड़ियों ने बाजी मारते हुए 87 रनों से बाजी मारी. इस टूर्ननामेंट में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी. 

पिछले साल वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली टीम अब टी20 प्रारूप में भी अपना पहला विश्व खिताब जीतने का सपना देख रही है. कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारत के पास अनुभव, युवा प्रतिभा और संतुलन का बेहतरीन मिश्रण मौजूद है, जो उसे टूर्नामेंट की मजबूत दावेदार टीमों में शामिल करता है. तो ऐसे में सही प्लेइंग इलेवन का चयन और खिलाड़ियों की स्पष्ट भूमिकाएं टीम की सफलता में निर्णायक साबित हो सकती हैं. आइए नजर डालते हैं भारत की संभावित सबसे मजबूत एकादश पर, जो विश्व कप में टीम की उम्मीदों को मजबूती दे सकती है.

सलामी जोड़ी पर होगी बड़ी जिम्मेदारी

भारत की बल्लेबाजी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के कंधों पर रहने की संभावना है. स्मृति अपनी तकनीक और निरंतरता के लिए जानी जाती हैं, जबकि शेफाली आक्रामक अंदाज में विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाने में माहिर हैं. वहीं तीसरे नंबर पर यास्तिका भाटिया टीम को स्थिरता देने का काम कर सकती हैं. हालिया मुकाबलों में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है, जिससे टीम को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं.

जेमिमा-हरमनप्रीत-ऋचा संभालेंगी मीडिल ऑर्डर

चौथे नंबर पर जेमिमा रोड्रिग्स टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देंगी. उनकी परिस्थितियों के अनुसार खेलने की क्षमता भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी. इसके अलावा पांचवें नंबर पर कप्तान हरमनप्रीत कौर, छठवें नंबर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष खेलते दिख सकती हैं. वहीं सातवें और आठवें पायदान पर दीप्ति शर्मा और राधा यादव को मौका मिल सकता है. 

अरुंधति-क्रांति-श्री चरणी संभालेंगी गेंदबाजी की कमान

गेंदबाजी विभग की बात करें तो तेज गेंदबाजी विभाग में अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं. नई गेंद और डेथ ओवरों में दोनों की उपयोगिता टीम के लिए अहम होगी. वहीं युवा स्पिनर श्री चरणी मध्य ओवरों में विकेट निकालने की जिम्मेदारी संभाल सकती हैं. 

महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए संभावित प्लेइंग इलेवन

स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, क्रांति गौड़