WCL 2025: पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले से पहले स्पॉन्सर ने दिया झटका, क्या रद्द हो जाएगा मुकाबला?
WCL 2025, India Champions vs Pakistan Champions: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स लीग 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले स्पॉन्सर ने अपना वापस ले लिया है. ऐसे में मैच से पहले ये बड़ा झटका है और मुकाबले पर भी अब खतरा मंडराने लगा है.
WCL 2025, India Champions vs Pakistan Champions: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले एक बड़ा विवाद सामने आया है. टूर्नामेंट के प्रमुख स्पॉन्सर ईजीमायट्रिप (EaseMyTrip) ने इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले से खुद को अलग कर लिया है.
यह फैसला तब आया जब भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई. क्या यह मुकाबला भी रद्द हो जाएगा? बता दें कि इससे पहले भी भारत-पाकिस्तान का मुकाबला रद्द हो चुका है. ऐसे में अब इस मैच को लेकर भी कुछ नहीं कहा जा सकता है.
EaseMyTrip का बड़ा बयान
EaseMyTrip के संस्थापक निशांत पिट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उनकी कंपनी भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले इस सेमीफाइनल मुकाबले का समर्थन नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि "आतंकवाद और क्रिकेट एक साथ नहीं चल सकते."
उन्होंने अपने बयान में लिखा, "हम भारतीय टीम को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हैं. लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल सिर्फ एक खेल नहीं है. EaseMyTrip भारत के साथ खड़ा है. हम किसी ऐसे आयोजन का समर्थन नहीं कर सकते जो आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ संबंधों को सामान्य करने की कोशिश करता हो. देशवासियों की भावनाओं को हम समझते हैं. EaseMyTrip इस भारत-पाकिस्तान मुकाबले से खुद को अलग करता है. देश पहले, व्यवसाय बाद में. जय हिंद."
पहले भी रद्द हो चुका है भारत-पाकिस्तान मैच
इससे पहले टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में भी भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला रद्द हो चुका है. कई भारतीय खिलाड़ियों, जिनमें शिखर धवन और हरभजन सिंह शामिल थे, ने इस मैच में खेलने से इनकार कर दिया था. शिखर धवन ने तो WCL आयोजकों को पहले ही एक ईमेल भेजकर सूचित कर दिया था कि वह इस मैच में हिस्सा नहीं लेंगे.
धवन का प्रशंसक को करारा जवाब
27 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच के दौरान एक प्रशंसक ने शिखर धवन से पूछा कि क्या वह पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में खेलेंगे. इस सवाल पर धवन ने नाराजगी जताते हुए जवाब दिया, "भाई, यह सवाल तुम गलत जगह पूछ रहे हो. क्या तुम्हें लगता है कि मैं इसका जवाब दूंगा? यह सवाल पूछना ही नहीं चाहिए. मैंने पहले भी नहीं खेला, तो अब भी नहीं खेलूंगा."