गांव में रहकर लाखों कमा रहे इंजीनियर्स, फिर शहर जाने को क्यों बेचैन हैं? इसकी पीछे की वजह जानकर हो जाएंगे हैरान

एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर गांव में रहकर रिमोट जॉब के जरिए हर महीने करीब 1 लाख रुपये कमाता है. परिवार के साथ रहने के कारण उसका किराया और कई दूसरे खर्च बच जाते हैं.

Pinterest
Km Jaya

आज के दौर में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी को सफलता की निशानी माना जाता है. लेकिन क्या सिर्फ अच्छी कमाई से जिंदगी खुशहाल हो जाती है. एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कहानी इस सवाल को नए तरीके से सामने रखती है. यह इंजीनियर गांव में रहकर हर महीने करीब 1 लाख रुपये कमाता है और पूरी तरह रिमोट जॉब करता है. परिवार के साथ रहने के कारण उसे किराया नहीं देना पड़ता और रोजमर्रा के खर्च भी सीमित हैं. इसके बावजूद वह गांव की जिंदगी से ऊब चुका है.

इंजीनियर ने परेशानी शेयर करते हुए लोगों से सलाह मांगी है. करीब एक साल के वर्क एक्सपीरियंस वाले इस टेकी के मुताबिक आर्थिक रूप से गांव में रहना उसके लिए काफी फायदेमंद है. वह अपनी सैलरी का बड़ा हिस्सा बचा लेता है. लेकिन अब उसे लगने लगा है कि सिर्फ पैसे बचाना ही जिंदगी के लिए पर्याप्त नहीं है.

गांव में जिंदगी हो गई नीरस

इंजीनियर ने बताया कि गांव में मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के विकल्प बहुत कम हैं. वहां न जिम है, न सिनेमा हॉल और न ही कैफे. इसके अलावा Swiggy और Zomato जैसी फूड डिलीवरी सेवाएं भी उपलब्ध नहीं हैं.


ऐसे में कभी उसका मन बाहर जाकर खाना खाने, फिल्म देखने या दोस्तों के साथ समय बिताने का करता है, लेकिन उसके पास ऐसा करने के लिए ज्यादा विकल्प नहीं हैं. उसके मुताबिक धीरे-धीरे उसकी जिंदगी एक तय रूटीन में सिमट गई है. सुबह उठना, काम करना, फोन चलाना और फिर सो जाना उसकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया है. वीकेंड भी उसे खास अलग महसूस नहीं होता.

80 किलोमीटर दूर कोटा जाने का विचार

गांव की इस जिंदगी से बाहर निकलने के लिए इंजीनियर अब करीब 80 किलोमीटर दूर कोटा में शिफ्ट होने के बारे में सोच रहा है. शहर में उसे जिम, सिनेमाघर, रेस्टोरेंट और दूसरी सुविधाएं आसानी से मिल सकती हैं. इससे उसकी सोशल लाइफ और रोजमर्रा की जिंदगी में बदलाव आने की उम्मीद है.

हालांकि, शहर में शिफ्ट होने के साथ खर्च भी बढ़ जाएगा. उसे किराया, खाना और दूसरे घरेलू खर्च उठाने होंगे. ऐसे में उसकी मौजूदा बचत काफी कम हो सकती है. यही वजह है कि वह फैसला लेने को लेकर असमंजस में है. नौकरी रिमोट ही रहेगी, इसलिए उसके मन में यह सवाल भी है कि शहर में रहने के बाद वास्तव में उसकी जिंदगी कितनी बेहतर होगी.

Reddit यूजर्स ने क्या दी सलाह?

इंजीनियर की पोस्ट पर Reddit यूजर्स ने अलग-अलग सुझाव दिए. कुछ लोगों ने कहा कि अगर वह शहर की जिंदगी का अनुभव लेना चाहता है तो कुछ समय के लिए कोटा में रहकर देख सकता है. इससे उसे बिना लंबे समय की प्रतिबद्धता के यह समझने का मौका मिलेगा कि शहर की जिंदगी उसके लिए बेहतर है या नहीं.

वहीं, कुछ यूजर्स ने रिमोट जॉब की आजादी का अलग तरीके से इस्तेमाल करने की सलाह दी. उनका कहना था कि अगर नौकरी कहीं से भी की जा सकती है, तो एक ही जगह रहने के बजाय अलग-अलग शहरों, पहाड़ी इलाकों या समुद्र किनारे कुछ समय बिताया जा सकता है. यह कहानी बताती है कि अच्छी सैलरी और ज्यादा बचत जिंदगी का सिर्फ एक हिस्सा हैं. आराम, मनोरंजन, सामाजिक मेलजोल और अपनी पसंद की जीवनशैली भी किसी व्यक्ति की खुशी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.