ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पा रहे, उन्होंने सबसे बड़ा अपराध किया है: रामलीला मैदान में गरजे राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और बीजेपी पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार बेचारे रात को सो नहीं पा रहे हैं. उन्होंने सबसे बड़ा अपराध किया है.

Congress
Sagar Bhardwaj

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और बीजेपी पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार बेचारे रात को सो नहीं पा रहे हैं. उन्होंने सबसे बड़ा अपराध किया है. 

सालों से हो रही वोट चोरी

राहुल ने कहा कि हमारा मकसद ज्ञानेश कुमार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह को मैसेज भेजना था और आप सब ने यहां आकर उन्हें मैसेज देने का काम किया है. उन्होंने कहा कि यह किसी एक नेता या पार्टी की आवाज नहीं है. यह हिंदुस्तान के युवाओं, किसानों की आवाज है और यह आवाज कह रही है कि हम लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे. संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे.


कांग्रेस नेता ने कहा कि सालों से इस देश में वोट चोरी हो रही है. उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान ईवीएम और वोटर लिस्ट में हेरफेर कर वोट चोरी किया गया. उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव के बाद 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम काटे गए. 2024 में इंडिया ब्लॉक और एनडीए के बीच केवल 3 प्रतिशत का फर्क था. 2024 का चुनाव पूरी तरह से अवैध था. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का डाटा ऐसा कह रहा है.

ज्ञानेश कुमार के बिना मोदी पीएम नहीं बन पाते

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के बिना ना तो नरेंद्र मोदी पीएम बन पाते और न अमित शाह गृह मंत्री. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की वैचारिक मातृ संस्था आरएसएस देश के संस्थानों (शिक्षा से लेकर जांच एजेंसियों तक) पर कंट्रोल कर रही है जिसके कारण देश के किसानों, मजदूरों और युवाओं को उनके अधिकार नहीं मिल रहे.

लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे

राहुल गांधी ने कहा कि हम लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे, संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा, 'आपके पास चाहे कितना भी धन हो, आप संविधान से बड़े नहीं हो सकते. संविधान आपसे बड़ा है.' उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव प्रक्रिया और संस्थाओं पर हावी होने के लिए धन का उपयोग कर रही है.

ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे

राहुल ने कहा कि मैं देश के हर नागरिक और हर युवा से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटेंगे. ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे. उन्होंने कहा कि यह कोई आम चोरी नहीं. ये हिंदुस्तान और यहां के नागरिक की आवाज की चोरी है. इसको देशद्रोह कहा जाता है. यह सबसे दुर्लभ मामलों में से एक है. राहुल ने कहा कि बेचारे ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाते क्योंकि उन्होंने सबसे बड़ा अपराध किया है. उन्होंने देश का गला घोंटने का काम किया है. सच्चाई ये है कि ना नरेंद्र मोदी सो पा रहे हैं न अमित शाह सो पा रहे हैं. राहुल ने कहा कि मेरे लिए धर्म से भी जरूरी चीज हिंदुस्तान के हर नागरिक की आवाज है. हिंदुस्तान के हर नागरिक की आवाज बुलंद होनी चाहिए ये मेरा धर्म है.