menu-icon
India Daily

कभी क्रिकेट का चमकता सितारा, फिर बदले हालात... विनोद कांबली की कहानी अब पर्दे पर होगी बयां, जानें कब शुरू होगी शूटिंग

पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली की जिंदगी अब वेब सीरीज के जरिए दर्शकों तक पहुंचेगी. अभिजीत देशपांडे के निर्देशन में बनने वाला यह प्रोजेक्ट उनके क्रिकेट सफर और निजी संघर्षों को सामने लाएगा.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
कभी क्रिकेट का चमकता सितारा, फिर बदले हालात... विनोद कांबली की कहानी अब पर्दे पर होगी बयां, जानें कब शुरू होगी शूटिंग
Courtesy: Social Media

कई बार ऐसा होता जब कामयाबी आपके कदम ऐसे चूमती है जैसे वो आपके लिए ही बनी हो लेकिन बाद में वह ऐसे नाराज होती है मानो वो कभी आपके लिए थी ही नहीं. कुछ ऐसा ही हुआ मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के परम मित्र और पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली के साथ. उनके सितारे जितनी जल्दी चमके थे उतनी ही जल्द वह गर्दिश में भी चले गए. 

विनोद कांबली की जिंदगी में क्रिकेट की चमक, शानदार उपलब्धियां और मुश्किल दौर सभी एक साथ रहे हैं. अब उनकी इसी उतार-चढ़ाव भरी कहानी को हिंदी वेब सीरीज के रूप में पेश करने की तैयारी है. निर्देशक अभिजीत देशपांडे इस प्लान पर काम कर रहे हैं, जबकि रवि भागचंदका इसे 200 नॉटआउट प्रोडक्शंस के तहत बना रहे हैं. सीरीज का नाम ‘कांबली’ रखा गया है और इसे Zee5 के लिए तैयार किया जा रहा है.

फिल्म से सीरीज तक पहुंची कहानी

अभिजीत देशपांडे ने कांबली की कहानी पर साल 2019 में काम शुरू किया था. शुरुआत में इसे मराठी फिल्म के रूप में बनाने का प्लान था. लेकिन शोध आगे बढ़ने पर निर्देशक को लगा कि कांबली की जिंदगी में इतने दौर और घटनाएं हैं कि उन्हें करीब दो घंटे की फिल्म में समेटना मुश्किल होगा. इसी वजह से कहानी को वेब सीरीज का रूप देने का फैसला किया गया.

सिर्फ क्रिकेट नहीं, इंसान की कहानी

सीरीज में कांबली के शुरुआती क्रिकेट सफर से लेकर उनके करियर में आए उतार-चढ़ाव तक को दिखाया जाएगा. उनकी प्रतिभा और मैदान पर मिली सफलता के साथ निजी जीवन की चुनौतियों को भी कहानी में जगह मिलेगी. निर्देशक का उद्देश्य उन्हें केवल विवादों से जोड़कर दिखाना नहीं है. कहानी के जरिए उनके व्यक्तित्व और उन परिस्थितियों को समझने की कोशिश होगी, जिन्होंने उनके जीवन को प्रभावित किया.

कांबली का किरदार निभाएगा नया चेहरा

सीरीज के लिए मुख्य कलाकार का चयन अभी पूरा नहीं हुआ है. निर्माताओं की तलाश ऐसे कलाकार पर है, जो केवल कांबली की शक्ल से मेल न खाए, बल्कि उनके हावभाव और व्यक्तित्व को भी पर्दे पर स्वाभाविक ढंग से उतार सके. टीम किसी बड़े सितारे के बजाय किरदार के अनुरूप नए चेहरे को प्राथमिकता दे रही है. इससे कहानी को वास्तविक रूप देने की कोशिश की जाएगी.

नवंबर 2026 से शुरू हो सकती है शूटिंग

मेकर्स नवंबर 2026 से सीरीज की शूटिंग शुरू करने की योजना बना रहे हैं. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार पूरी शूटिंग एक लगातार शेड्यूल में लगभग तीन से चार महीने में पूरी करने की कोशिश होगी. परियोजना पूरी होने के बाद निर्देशक अभिजीत देशपांडे वी शांताराम की बायोपिक पर दोबारा काम शुरू करेंगे. सीरीज के जरिए कांबली की कहानी को क्रिकेट से आगे एक मानवीय सफर के रूप में पेश करने की तैयारी है.