menu-icon
India Daily

कैलिस हुए पीछे, अब गिलक्रिस्ट की बारी... छक्के जड़कर ऋषभ पंत ने लिख दी इतिहास की नई इबारत

ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 98वां छक्का लगाकर जैक्स कैलिस को पीछे छोड़ा और क्रिस गेल-टिम साउदी की बराबरी की. अब वह 100 टेस्ट छक्कों से दो कदम दूर हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
कैलिस हुए पीछे, अब गिलक्रिस्ट की बारी... छक्के जड़कर ऋषभ पंत ने लिख दी इतिहास की नई इबारत
Courtesy: X

Rishabh Pant Sixes Record: ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का फिर शानदार नमूना पेश किया. 36 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाने वाले पंत ने एक छक्का लगाकर टेस्ट क्रिकेट में 98 छक्के पूरे किए. इसके साथ उन्होंने कई दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया.

कैलिस को पीछे छोड़कर गेल और साउदी की बराबरी

पंत ने दिन के तीसरे सेशन में मैदान पर आते ही अपना अंदाज दिखाया. भारत मजबूत स्थिति में था. पंत की एंट्री के बाद मुकाबले में रोमांच बढ़ गया. उन्होंने 36 गेंदों में नाबाद 27 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा. प्रभात जयसूर्या की गेंद पर लगाया गया यह छक्का पंत के टेस्ट करियर का 98वां सिक्स था. इसके साथ ही उन्होंने जैक्स कैलिस को पीछे छोड़ दिया. कैलिस ने 166 टेस्ट में 97 छक्के लगाए थे. पंत ने यह आंकड़ा केवल 51 टेस्ट में पार कर लिया. अब वह क्रिस गेल और टिम साउदी के साथ टेस्ट क्रिकेट में संयुक्त रूप से चौथे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं.

100 छक्कों से सिर्फ दो कदम दूर हैं पंत

पंत ने 51 टेस्ट की 88 पारियों में 98 छक्के लगाए हैं और अब उनके सामने एक बड़ा रिकॉर्ड है. श्रीलंका के खिलाफ मैच में अगर वह दो और छक्के लगा देते हैं, तो टेस्ट क्रिकेट में 100 सिक्स पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड लंबे समय तक वीरेंद्र सहवाग के नाम रहा, जिन्होंने 104 मैचों में 91 छक्के लगाए थे. पंत ने सहवाग को पीछे छोड़कर भारतीय बल्लेबाजों में इस मामले में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है. अब दूसरे दिन जब वह बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे, तो सभी की नजर उनके अगले बड़े शॉट पर होगी.

गिलक्रिस्ट के बाद 100 छक्के लगाने वाले दूसरे विकेटकीपर बनेंगे

पंत के लिए 100 छक्कों का आंकड़ा सिर्फ एक व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं होगा. वह यह मुकाम हासिल करते हैं तो विकेटकीपर-बल्लेबाजों के बीच भी एक खास क्लब में शामिल हो जाएंगे. ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट के बाद पंत टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले दूसरे विकेटकीपर-बल्लेबाज बन सकते हैं. उनकी खासियत यह है कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी आक्रामक शॉट खेलने से पीछे नहीं हटते. पंत की यही शैली उन्हें दूसरे खिलाड़ियों से अलग बनाती है.