'मैं वही शॉट खेलता हूं जिसका...' वैभव सूर्यवंशी ने खोला 81 रनों के गेमप्लान का राज, बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
भारत ने जिम्बाब्वे को तीसरे टी20 में 35 रन से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली. वैभव सूर्यवंशी ने 81 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी जीता.
जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम ने T20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम का 3-0 से सफाया कर दिया. अय्यर की कप्तानी में भारत ने अपना पहला टी20 सीरीज जीता है. इस पूरी सीरीज के हीरे रहे वैभव सूर्यवंशी का बल्ला एक बार फिर से तीसरे मुकाबले में खूब चला.
तीसरे मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 81 रन की बेहतरीन पारी खेलकर जीत की नींव रखी. उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और पूरी सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. मैच के बाद वैभव ने अपनी सफलता का राज भी साझा किया.
खेली 81 रनों की यादगार पारी
तीसरे और आखिरी T20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में 81 रन बनाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. भारतीय टीम ने यह मुकाबला 35 रन से जीता. इससे पहले टीम इंडिया पहले मैच में 7 विकेट और दूसरे मुकाबले में 90 रन से जीत दर्ज कर चुकी थी. इस तरह भारत ने सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमाया.
Also Read
सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
इस सीरीज में वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले का जोर दिखाया. उन्होंने इस पूरी सीरीज में तीन पारियों में कुल 151 रन बनाए. इस दौरान वैभव का औसत 50.33 और स्ट्राइक रेट 196.10 रहा. वह पूरी सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने प्लेयर ऑफ द सीरीज का सम्मान से भी नवाजा गया.
बताया क्या था उनका गेम प्लान
सीरीज खत्म होने के बाद वैभव ने कहा कि उनका लक्ष्य हर मैच में टीम को तेज शुरुआत देना था. उन्होंने बताया कि वह अभ्यास में जिन शॉट्स पर मेहनत करते हैं, मैच में भी वही खेलने की कोशिश करते हैं. उन्होंने कहा कि 'मैं नेट्स पर प्रैक्टिस के दौरान जो कुछ भी करता हूं, मैच में उसे दोहराने की कोशिश करता हूं.' वैभव ने बताया कि हरारे की परिस्थितियां उन्हें पसंद हैं और पहले यहां अंडर-19 विश्व कप खेलने का अनुभव भी उनके काम आया.
सपने जैसा बताया यह खास पल
वैभव ने प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिलने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि भारत के लिए अपनी पहली पूरी टी20 सीरीज में यह सम्मान हासिल करना किसी सपने के सच होने जैसा है. युवा बल्लेबाज ने टीम प्रबंधन, कप्तान और कोच का समर्थन मिलने पर भी आभार व्यक्त किया.