दिल्ली में मिठाई, घी या मावा में मिलावट का शक? इस हेल्पलाइन नंबर पर करें शिकायत
दिल्ली सरकार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता और एक्सपायर्ड उत्पादों की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी की है.
त्योहारों के मौसम में मिठाई, घी और मावा की मांग बढ़ने के बीच दिल्ली सरकार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए निगरानी तेज कर दी है. अगर किसी को मिलावटी, खराब गुणवत्ता वाला या एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद बिकने का शक है, तो वह खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 1800-11-3921 पर कार्यालय समय के दौरान शिकायत दर्ज करा सकता है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी नजर आने पर विभाग को जानकारी दें. उन्होंने कहा कि मिलावट के खिलाफ अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे साल जारी रहेगा.
भोगल, नजफगढ़ और शिव विहार में छापेमारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को दिल्ली के तीन इलाकों में कार्रवाई की. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के भोगल मार्केट, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ मार्केट और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 948.9 लीटर घी जब्त किया गया.
Also Read
विभाग के अनुसार, भोगल मार्केट से 389.9 लीटर और नजफगढ़ मार्केट से 338 लीटर घी जब्त किया गया. वहीं, शिव विहार में दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान 221 लीटर घी बरामद किया गया.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
भोगल और नजफगढ़ मार्केट से घी के कुल 15 नमूने लिए गए हैं. विभाग ने बताया कि जब्त किए गए घी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. विभाग का कहना है कि लोगों को मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचाने के लिए त्योहारों के दौरान छापेमारी और निगरानी अभियान जारी रहेगा.