आईपीएल 2026 में एक और ऐतिहासिक पारी देखने को मिली. चेन्नई सुपर किंग्स के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल ने मैदान पर उतरते ही लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. 203 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए उर्विल ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और सिर्फ 13 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. इस पारी के साथ उर्विल ने आईपीएल के सबसे तेज अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली.
चेन्नई सुपर किंग्स की पारी की शुरुआत से ही उर्विल पटेल बेहद आक्रामक नजर आए. उन्होंने लखनऊ के तेज गेंदबाज आवेश खान को निशाने पर लेते हुए लगातार तीन छक्के जड़ दिए. इसके बाद स्पिनर दिग्वेश राठी भी उनकी मार से नहीं बच सके. दोनों गेंदबाजों के एक-एक ओवर में 25-25 रन आए. मैदान के हर कोने में शॉट खेलने वाले इस बल्लेबाज ने सिर्फ 13 गेंदों में पचासा पूरा कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया.
उर्विल पटेल अब आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के नाम था. उन्होंने 2023 में 13 गेंदों पर फिफ्टी लगाई थी. उर्विल ने इस रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए केएल राहुल, पैट कमिंस और रोमारियो शेफर्ड जैसे बड़े नामों को पीछे छोड़ दिया.
उर्विल पटेल ने अपनी शुरुआती 10 गेंदों में 42 रन बनाकर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड एबी डीविलियर्स और यशस्वी जायसवाल के नाम था. उन्होंने शुरुआती 10 गेंदों में 41 रन बनाए थे. उर्विल ने इस दौरान चौकों और छक्कों की ऐसी बरसात की कि लखनऊ के कप्तान के पास कोई जवाब नहीं था. उन्होंने अभिषेक शर्मा, रोमारियो शेफर्ड और प्रियांश आर्य जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों को भी पीछे छोड़ दिया.