menu-icon
India Daily

स्टैंड्स में धोनी, भारत की 7 रन की जीत के बाद 'थाला फॉर ए रीजन' मीम्स की इंटरनेट पर आई बाढ़

टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को सिर्फ 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एमएस धोनी मौजूद थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर 'थाला फॉर ए रीजन' मीम्स की बाढ़ आ गई.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
स्टैंड्स में धोनी, भारत की 7 रन की जीत के बाद 'थाला फॉर ए रीजन' मीम्स की इंटरनेट पर आई बाढ़
Courtesy: pintrest

वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार रात का मैच दिल थाम लेने वाला था. भारत ने इंग्लैंड को महज 7 रनों से हराकर टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में प्रवेश किया. इस रोमांचक जीत के बीच सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं एमएस धोनी ने, जो स्टैंड्स में बैठे नजर आए.

उनकी मौजूदगी और मैच का 7 रनों का अंतर देखकर फैंस ने एक बार फिर 'थाला फॉर ए रीजन' का नारा बुलंद किया. सोशल मीडिया पर मीम्स, जोक्स और कमेंट्स की बाढ़ आ गई. धोनी के नंबर 7 से जुड़ी ये बात अब क्रिकेट फैंस के लिए मजाक का सबसे बड़ा कारण बन गई है.

धोनी की मौजूदगी ने मैच को बना दिया खास

वानखेड़े में 35 हजार दर्शकों की भीड़ के बीच एमएस धोनी स्टैंड्स में बैठे थे. भारत की जीत के बाद फैंस का कहना था कि 'थाला' की मौजूदगी ने ही मैच को 7 रनों से जितवाया. धोनी को 'थाला' कहकर पुकारने वाले सीएसके फैंस अब पूरे देश में फैल चुके हैं. सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे थे- '7 रन से जीत, थाला स्टेडियम में, सब कुछ 7 से जुड़ा है!' कई आईपीएल टीमों और यहां तक कि गूगल इंडिया के ऑफिशियल अकाउंट ने भी इस मजाक में शामिल होकर पोस्ट किए.

मैच का रोमांचक मोड़

संजू सैमसन की तूफानी 89 रनों की पारी की बदौलत भारत ने 253/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही, फिल साल्ट, हैरी ब्रुक और जोस बटलर जल्दी आउट हो गए. लेकिन जैकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रन की जबरदस्त पारी खेली. सात छक्के और आठ चौके लगाकर उन्होंने इंग्लैंड को जीत के करीब पहुंचाया, मगर आखिरी ओवर में रन आउट होने से टीम 246/7 पर रुक गई. भारत ने सिर्फ 7 रन से मैच जीता.

फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ंत

भारत अब रविवार को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल खेलेगा. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, 'अहमदाबाद में फाइनल खेलना अविश्वसनीय एहसास है. लड़कों के लिए ये खास पल है.' टीम ट्रॉफी को लगातार दूसरी बार जीतने और घरेलू मैदान पर पहली बार खिताब हासिल करने की कोशिश में जुटेगी. इंग्लैंड के खिलाफ ये कड़ी लड़ाई भारत के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई. फैंस अब फाइनल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर 'थाला' का जादू

मैच खत्म होते ही 'थाला फॉर ए रीजन' ट्रेंड कर गया. फैंस ने मीम्स बनाए, जिसमें धोनी को मैच का असली हीरो बताया गया. कोई लिख रहा था- '7 विकेट, 7 रन, 7 नंबर... थाला जादू करता है!' ये मजाक क्रिकेट को और मजेदार बना रहा है. धोनी भले ही मैदान पर नहीं थे, लेकिन उनकी मौजूदगी ने पूरे देश को एकजुट कर दिया. फाइनल में भी फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि 'थाला' का जादू काम करेगा.