मुंबई: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से नया रिकॉर्ड बना दिया है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई.
भारत के बल्लेबाजों ने अपनी पारी में 19 छक्के और 18 चौके लगाए. इसी के साथ भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर काबिज हो गई.
इससे पहले यह उपलब्धि नीदरलैंड्स और वेस्टइंडीज की टीम हासिल कर चुकी है. अब भारत ने भी उसी रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद दमदार रहा है. इस टूर्नामेंट में अब तक भारत कुल 88 छक्के लगा चुका है.
इसी के साथ भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के एक ही संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बन गई है. यह आंकड़ा दिखाता है कि भारतीय बल्लेबाज लगातार बड़े शॉट खेलने की रणनीति के साथ मैदान पर उतर रहे हैं. अगर गेंदों के हिसाब से देखा जाए तो भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में हर 10.8 गेंद पर एक छक्का लगा रही है. यह टी20 क्रिकेट के लिहाज से काफी आक्रामक बल्लेबाजी मानी जाती है.
भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए इंग्लैंड को 7 रन से हरा दिया. यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. इस जीत के साथ भारत ने फाइनल में जगह बना ली है. अब फाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा. भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय टीम की कोशिश लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने की होगी.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए. ओपनर संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन बनाए. उनकी पारी में 7 छक्के और 8 बड़े छक्के शामिल रहे. ईशान किशन ने भी 39 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाए. अंत के ओवरों में तिलक वर्मा ने तेज 21 रन और हार्दिक पंड्या ने 27 रन जोड़कर टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया. भारत की इस मजबूत बल्लेबाजी और अंत में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत टीम ने मैच जीतकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया.