कोलंबो: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका और आयरलैंड के बीच खेला गया. इस रोमांचक मैच में मेजबान श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की.
आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. इसके बाद श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 163 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 143 रन पर सिमट गई.
श्रीलंका की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 28 रन जोड़े. टीम को पहला झटका कामिल मिशारा के रूप में लगा, जिन्होंने तेज शुरुआत करते हुए 11 गेंदों में 24 रन बनाए, लेकिन वह अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा सके. शुरुआती विकेट गिरने के बाद श्रीलंका के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत जरूर मिली, लेकिन वे उसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए. इस दौरान कुसल मेंडिस ने एक छोर संभालकर रखा और जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी की.
कुसल मेंडिस ने इस मुकाबले में शानदार अर्धशतक लगाया. उन्होंने 43 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए और अंत तक क्रीज पर टिके रहे. उनकी पारी में संयम और समझदारी साफ नजर आई. वहीं, निचले क्रम में कामिंदु मेंडिस ने तेजी से रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी. उन्होंने 19 गेंदों में 44 रनों की तेज पारी खेली, जिससे श्रीलंका सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका. आयरलैंड की ओर से गेंदबाजी में बैरी मैकार्थी और जॉर्ज डॉकरेल ने 2-2 विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. टीम के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर आउट होते रहे, जिससे रन गति बनाए रखना मुश्किल हो गया. कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. हैरी टेक्टर ने सबसे ज्यादा 34 गेंदों में 40 रन बनाए और कुछ समय तक संघर्ष किया. उनके अलावा रॉस अडायर ने 23 गेंदों में 34 रन जोड़े. विकेटकीपर बल्लेबाज लॉर्कन टकर ने 18 गेंदों में 21 रन बनाए, जबकि कर्टिस कैंफर ने 11 गेंदों में 13 रन का योगदान दिया.
श्रीलंका की गेंदबाजी ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई. महेश तीक्षणा और वानिंदु हसरंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके. दोनों गेंदबाजों ने अपनी गेंदबाजी से आयरलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. अन्य गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी की, जिसके चलते आयरलैंड की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी. इस जीत के साथ श्रीलंका ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली और घरेलू दर्शकों को जश्न मनाने का मौका दिया.