menu-icon
India Daily

ICC T20 World Cup 2026: अफगानिस्तान को हराकर न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, भारत का भी 19 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. अफगान टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही और मध्यक्रम में गुलबदीन नायब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.

Anuj
Edited By: Anuj
ICC T20 World Cup 2026: अफगानिस्तान को हराकर न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, भारत का भी 19 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
Courtesy: x

चेन्नई: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन जारी है. टूर्नामेंट के दूसरे दिन चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम में अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया. इस मुकाबले में न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान ने बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए इतिहास रच दिया.  

जहां कीवी टीम ने 183 रनों के बड़े लक्ष्य को सिर्फ 17.5 ओवर में हासिल कर इतिहास रच दिया, वहीं, अफगान टीम ने आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर भारत का 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला.

भारत का रिकॉर्ड टूटा

इससे पहले कीवी टीम के खिलाफ टी20 विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड भारत के नाम दर्ज था. साल 2007 में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 180 का स्कोर बनाया था, लेकिन अब अफगानिस्तान ने 182 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.

अफगानिस्तान की पहले बल्लेबाजी

इस मैच में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. अफगान टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही और मध्यक्रम में गुलबदीन नायब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. गुलबदीन नायब ने 35 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें आक्रामक शॉट्स देखने को मिले. उनके अलावा रहमानुल्लाह गुरबाज ने 22 गेंदों पर 27 रन, सेदिकुल्लाह अटल ने 24 गेंदों में 29 रन और दरवेश रसूली ने 13 गेंदों पर 20 रनों की उपयोगी पारी खेली. इन पारियों की बदौलत अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 182 रन बनाए.

न्यूजीलैंड की खराब शुरूआत

न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्यूसन सबसे सफल रहे. उन्होंने अपने 4 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट झटके. इसके अलावा मैट हेनरी, जैकब डफी और रचिन रविंद्र ने भी एक-एक विकेट झटका. 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही. ओपनर फिन एलन सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि रचिन रविंद्र खाता भी नहीं खोल सके. शुरुआती झटकों के बाद टिम सेफर्ट ने पारी को संभाला और बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. सेफर्ट ने 42 गेंदों पर 65 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उनकी यह अर्धशतकीय पारी जीत की नींव साबित हुई.

ग्लेन फिलिप्स की आक्रमक पारी

सेफर्ट के बाद ग्लेन फिलिप्स ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. उन्होंने 25 गेंदों पर 42 रन ठोके, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. इसके बाद मार्क चैपमैन ने 17 गेंदों पर 28 रन बनाए. अंत में डेरिल मिचेल ने 14 गेंदों पर नाबाद 25 रन और कप्तान मिचेल सेंटनर ने 8 गेंदों पर नाबाद 17 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी. अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजी में मुजीब उर रहमान ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए. वहीं, राशिद खान, मोहम्मद नबी और अजमतुल्ला ओमरजाई को एक-एक सफलता मिली, लेकिन वे जीत दिलाने में नाकाम रहे.

न्यूजीलैंड ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. यह पहली बार है, जब कीवी टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 170 से ज्यादा रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया है. वहीं अफगानिस्तान की टीम, जो पिछले 24 टी20 मैचों में 180 से अधिक रन बनाने के बाद कभी नहीं हारी थी, उसे इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा.