नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप डी मुकाबले ने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच की नई परिभाषा दी. साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया यह मैच निर्धारित 20 ओवर के बाद बराबरी पर छूटा. पहला सुपर ओवर भी नतीजा तय नहीं कर सका. आखिरकार दूसरे सुपर ओवर में केशव महाराज ने आखिरी गेंद पर पांच रन बचाते हुए साउथ अफ्रीका को यादगार जीत दिलाई.
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में 187 रन बनाए. जवाब में अफगानिस्तान टीम भी 187 रन ही बना सकी. इसके बाद पहला सुपर ओवर भी बराबरी पर समाप्त हुआ. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी मैच का फैसला दो सुपर ओवर से हुआ.
दूसरे सुपर ओवर में 24 रनों का पीछा करने उतनी अफगानिस्तान की टीम पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना सकी. दूसरी गेंद पर अफगान का पहला विकेट गिर गया. हालांकि, इसके बाद अगली तीन गेंदों पर गुरबाज ने लगातार 3 छक्के लगाकर दिए. ओवर की आखिरी गेंद पर गुरबाज बॉल को बाउंड्री लाइन के पार नहीं पहुंचा सके.
दूसरे सुपर ओवर में अफगानिस्तान को अंतिम गेंद पर छह रन की जरूरत थी. केशव महाराज ने दबाव में सटीक गेंद फेंकी और केवल एक रन दिया. इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने मुकाबला अपने नाम कर लिया.
An instant #T20WorldCup classic sees South Africa beat Afghanistan in a double Super Over thriller 🤯
— ICC (@ICC) February 11, 2026
📝: https://t.co/imSDJnHAdr pic.twitter.com/qj0IhYkAOm
टी20 वर्ल्ड कप में यह पहली घटना है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय टी20 में मल्टीपल सुपर ओवर पहले भी देखे गए हैं. यह दुर्लभ लेकिन रोमांचक स्थिति मानी जाती है. साल 2024 में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए मैच में भी दो सुपर ओवर हुए थे. उस मुकाबले में भारत ने जीत दर्ज की थी और अफगानिस्तान को करीबी हार झेलनी पड़ी थी.
पिछले साल नेपाल और नीदरलैंड्स के बीच एक मुकाबला खेला गया था, जो टाई हुआ. इस मैच का नतीजा तीसरे सुपर ओवर में निकला था. आखिरकार डच टीम ने जीत हासिल की. यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे रोमांचक मुकाबलों में गिना जाता है. उस मैच में जैक लायन-कैशेट ने घातक गेंदबाजी की थी और अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई थी.