menu-icon
India Daily

T20 world cup 2026: टी20 के इतिहास का सबसे रोमांचक मैच, दूसरे सुपर ओवर की आखिरी बॉल पर जीता साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान चूका

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन जारी है. इस बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर में मात दी.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 world cup 2026: टी20 के इतिहास का सबसे रोमांचक मैच, दूसरे सुपर ओवर की आखिरी बॉल पर जीता साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान चूका
Courtesy: x

अहमदाबाद: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन जारी है. इस बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर में मात दी.

साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया यह मुकाबला इतना कड़ा रहा कि नतीजा निकालने के लिए दो सुपर ओवर का सहारा लेना पड़ा. आखिरकार दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने संयम बनाए रखते हुए जीत अपने नाम कर ली.

साउथ अफ्रीका ने बनाए 187 रन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए. टीम को पहला झटका जल्दी लग गया और 12 रन पर कप्तान एडेन मारक्रम पवेलियन लौट गए. इसके बाद विकेटीपर बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक और रयान रिकेल्टन ने जबरदस्त पारी खेलकर टीम को चुनीतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके. कप्तान राशिद खान ने भी अपनी फिरकी का जादू दिखाते हुए 2 अहम विकेट हासिल किए.  

लुंगी एनगिडी ने दिए बड़े झटके

188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने पहले चार ओवर में ही 50 रन जोड़ दिए. लेकिन पांचवें ओवर में लुंगी एनगिडी ने जादरान को आउट कर मुकाबले का रुख बदल दिया. इसी ओवर में गुलबदीन नायब बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि सेदिक अटल भी शून्य पर आउट हो गए. अफगान टीम ने पावरप्ले में तेज शुरुआत के बावजूद टीम ने तीन बड़े विकेट गंवा दिए.

मैच हुआ टाई

मध्य ओवरों में अफगान बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए 11वें ओवर तक 100 रन पूरे कर लिए. हालांकि, अंतिम ओवरों में विकेट गिरने से रन गति प्रभावित हुई. आखिरी ओवर में कगिसो रबाडा ने 12 रन खर्च किए, जिससे अफगानिस्तान 20 ओवर में 187 रन तक पहुंचने में सफल रहा और मुकाबला सुपर ओवर में चला गया. 

नतीजे के लिए दो सुपर ओवर खेले गए

पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए. जवाब में साउथ अफ्रीका भी 17 रन ही बना सकी. मैच का रोमांच चरम पर पहुंच गया और दर्शकों को दूसरा सुपर ओवर देखने को मिला. दूसरे सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 23 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. जवाब में अफगानिस्तान को जीत के लिए 24 रन चाहिए थे, लेकिन केशव महाराज की कसी हुई गेंदबाजी के सामने टीम 19 रन ही बना सकी.

साउथ अफ्रीका की स्थिति मजबूत

महाराज ने दबाव में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 24 रनों का सफल बचाव किया और टीम को यादगार जीत दिलाई. यह मुकाबला साउथ अफ्रीका के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था. अफगानिस्तान ने उन्हें कड़ी टक्कर दी, लेकिन अनुभव और संयम ने अफ्रीकी टीम को जीत दिलाई. इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने ग्रुप-डी में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है.