अहमदाबाद: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सुपर-8 राउंड का मुकाबला खेला गया. इस मैच में भारतीय टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन के बड़े अंतर से मात दी.
इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की यह पहली हार रही. और साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लगातार 14 मैचों से चला आ रहा जीत का सिलसिला भी थम गया. मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 187 रन बनाए, जबकि जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई.
South Africa win by 76 runs in Ahmedabad. #TeamIndia set their sights on a turnaround in the next game.
— BCCI (@BCCI) February 22, 2026
Scorecard ▶️ https://t.co/ZE8J4fF18z#T20WorldCup | #MenInBlue | #INDvSA pic.twitter.com/xBIBwjEEmF
पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान एडन मार्करम (4), क्विंटन डी कॉक (6) और रेयान रिकेलटन (7) जल्दी आउट हो गए. साउथ अफ्रीका ने कम स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद डेविड मिलर और युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभाला दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 50 गेंदों में 97 रन की तेज साझेदारी हुई.
ब्रेविस ने 29 गेंदों पर 45 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे. मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रन की आक्रामक पारी खेली और सात चौके व तीन छक्के लगाए. पारी के आखिर में ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 3 और अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट लिए.
188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही. ईशान किशन बिना खाता खोले आउट हो गए. अभिषेक शर्मा ने 15 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा केवल 1 रन ही बना सके. कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 22 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए और टीम को संभाल नहीं पाए.
मध्यक्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने 11 और हार्दिक पंड्या ने 18 रन बनाए. इस मैच में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन शिवम दुबे ने बनाए. उन्होंने 37 गेंदों में 42 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग न मिलने के कारण टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सके.
साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी भी शानदार रही. मार्को जेनसेन ने 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि स्पिनर केशव महाराज ने 3 विकेट झटके. इस हार से भारत को सुपर-8 में बड़ा झटका लगा है.