menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: संजू सैमसन का शानदार 'शो', वानखेड़े में चकनाचूर किया हिटमैन का रिकॉर्ड

सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान सैमसन ने जैसे ही अपना सातवां छक्का लगाया, उसी के साथ उन्होंने यह बड़ा रिकॉर्ड हासिल कर लिया. इस छक्के के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप के एक सीजन में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: संजू सैमसन का शानदार 'शो', वानखेड़े में चकनाचूर किया हिटमैन का रिकॉर्ड
Courtesy: x

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह अब टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.

इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज था. उन्होंने 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में कुल 15 छक्के लगाए थे. लेकिन मौजूदा टूर्नामेंट में सैमसन ने इस आंकड़े को पार करते हुए 16 छक्के लगा दिए हैं और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

संजू सैमसन ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड 

सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान सैमसन ने जैसे ही अपना सातवां छक्का लगाया, उसी के साथ उन्होंने यह बड़ा रिकॉर्ड हासिल कर लिया. इस छक्के के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप के एक सीजन में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. अब वह 16 छक्कों के साथ इस सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं और उन्होंने रोहित शर्मा के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.

संजू सैमसन- 16 छक्के (2026)
रोहित शर्मा- 15 छक्के (2024)
शिवम दुबे- 15 छक्के (2026)
ईशान किशन- 14 छक्के (2026)
हार्दिक पांड्या- 14 छक्के (2026)

सैमसन का शानदार 'शो'

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े में मुकाबला जारी है. इस मैच में सैमसन शानदार फॉर्म में नजर आए. उन्होंने पारी की शुरुआत करते हुए सिर्फ 42 गेंदों में 89 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 211.90 रहा. अपनी इस तेज पारी में उन्होंने आठ चौके और सात छक्के लगाए. सैमसन की इस पारी की बदौलत भारत ने बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफलता हासिल की. उनकी बल्लेबाजी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया और दर्शकों को शानदार शॉट्स देखने को मिले.

भारत ने रचा इतिहास

भारत का 253 रन का स्कोर टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम दर्ज था. साल 2012 में आयोजित टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 205 रन बनाए थे. अब भारत नॉकआउट मैचों में 250 रन से ज्यादा का स्कोर बनाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है.  भारत और वेस्टइंडीज ही विश्व कप के नॉकआउट मैचों में 200 से ज्यादा स्कोर बनाने में कामयाब हो पाई है.