menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: भारत ने सेमीफाइनल में रचा इतिहास, ऐसा करने वाली बनीं पहली टीम

भारत का 253 रन का स्कोर टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम दर्ज था.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: भारत ने सेमीफाइनल में रचा इतिहास, ऐसा करने वाली बनीं पहली टीम
Courtesy: x

मुंबई: वानखेड़े स्टेडियम में जारी टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 20 ओवर में 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया.

इस बडे मैच में संजू सैमसन और शिवम दुबे की आक्रामक बल्लेबाजी ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया. दोनों बल्लेबाजों ने तेज गति से रन बनाए.

भारत ने रचा इतिहास

भारत का 253 रन का स्कोर टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम दर्ज था. साल 2012 में आयोजित टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 205 रन बनाए थे. अब भारत नॉकआउट मैचों में 250 रन से ज्यादा का स्कोर बनाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है.  भारत और वेस्टइंडीज ही विश्व कप के नॉकआउट मैचों में 200 से ज्यादा स्कोर बनाने में कामयाब हो पाई है. 

भारतीय टीम का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

भारत का यह स्कोर टी20 विश्व कप के इतिहास में भी बेहद खास माना जा रहा है. इसी टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाए गए 256 रन के बाद यह भारतीय टीम का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. हालांकि, भारतीय टीम श्रीलंका का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गई. श्रीलंका ने साल 2007 में केन्या के खिलाफ 260 रन बनाए थे. लेकिन सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में 253 रन बनाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है.

बल्लेबाजों ने की चौकों और छक्कों की बारिश

भारतीय टीम की इस पारी में बल्लेबाजों ने चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी. पूरी पारी में कुल 19 छक्के और 18 चौके लगाए गए. इस मुकाबले में संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने तेज बल्लेबाजी की और 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. 

इस मामले में इंग्लैंड की टीम आगे

इस मैदान पर बड़े लक्ष्य का पीछा करने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है. इंग्लैंड ने 2016 के टी20 विश्व कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 230 रन के लक्ष्य को दो गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया था. उस मैच में जो रूट ने 83 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी.