कोलकाता: ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा. साउथ अफ्रीका की टीम टूर्नामेंट में अबतक अजेय रही है और प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद आत्मविश्वास से भरी है. वहीं, मिचेल सैंटनर की कप्तानी में न्यूजीलैंड की टीम ने उतार-चढ़ाव के बाद सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की है. इतिहास, फॉर्म और दबाव तीनों इस मुकाबले को खास बना रहे हैं.
एडन मार्क्रम की अगुवाई में साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 राउंड में जीत के साथ शुरूआत की थी. अफ्रीका ने मौजूदा चैंपियन भारत को 76 रन से मात दी थी. इसके बाद दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को बड़े अंतर से हराया. अंतिम मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ करीबी जीत दर्ज कर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई. लगातार जीत के चलते एडन मार्क्रम की टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.
इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड का सफर आसान नहीं रहा. सुपर-8 के पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलना था, जो बारिश के कारण रद्द हो गया. इसके बाद मेजबान श्रीलंका पर 61 रन की दमदार जीत ने टीम को लय दी. अंतिम ग्रुप मुकाबले में इंग्लैंड से करीबी हार के बावजूद बेहतर नेट रन रेट के आधार पर टीम ने टॉप-4 में जगह बनाई. न्यूजीलैंड की टीम ने दबाव में संतुलन बनाए रखा.
टी20 विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच यह छठी टक्कर होगी. पिछले 5 मैचों में साउथ अफ्रीका ने ही बाजी मारी है. टी20 विश्व कप 2007 के क्वार्टर फाइनल से लेकर 2026 के ग्रुप स्टेज तक Black Caps को जीत नहीं मिली. आंकड़े साउथ अफ्रीका के पक्ष में है, लेकिन सेमीफाइनल का दबाव अलग कहानी लिख सकता है.
ईडन गार्डन्स की पिच सूखी और बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जा रही है. यहां पहली पारी का औसत स्कोर 182 है. हाल ही में तेज गेंदबाजों ने स्पिनरों की तुलना में अधिक विकेट लिए हैं. तेज गेंदबाजों को 44 विकेट और स्पिन गेंदबाजों को 31 विकेट मिले है. पिच की उछाल और तेज आउटफील्ड से स्ट्रोक खेलने में मदद मिलती है, जिससे हाई स्कोर वाले मैच की संभावना है. मौसम साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री रहने की संभावना है. बारिश की आशंका न के बराबर है.