menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका-न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में बारिश से नहीं हुआ मैच, तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट?

कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान ईडन गार्डन्स में टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा. इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होगी. बारिश की स्थिति में रिजर्व डे रखा गया है. दोनों टीमें संतुलित हैं, लेकिन सुपर-8 राउंड में बेहतर प्रदर्शन के कारण साउथ अफ्रीका को बढ़त मिलती दिख रही है.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका-न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में बारिश से नहीं हुआ मैच, तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट?

कोलकाता: होली के दिन यानी 4 मार्च (बुधवार) को कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान ईडन गार्डन्स में टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होगा. दोनों टीमों के बीच मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं. खासकर, 2015 में आयोजित वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल की यादें आज भी ताजा है.

इस बार हालात बदले हुए नजर आ रहे हैं. टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका ही एक मात्र ऐसी टीम है, जिसने अबतक खेले गए अपने सभी मैच जीते है. साउथ अफ्रीका आत्मविश्वास से भरी दिख रही है, जबकि न्यूजीलैंड अनुशासन और संतुलन के साथ चुनौती पेश करने को तैयार है.

पुरानी यादें और नई कहानी

साल 2015 में खेले गए वनडे विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की टीम ने आखिरी ओवर में जीत दर्ज कर साउथ अफ्रीका का सपना तोड़ दिया था. उस हार ने साउथ अफ्रीका टीम पर एक बार फिर चोकर्स का ठप्पा लगा दिया. इससे पहले भी अफ्रीकी टीम वनडे विश्न कप के सेमीफाइनल में पहुंची थी, लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना पाई थी. उस समय ऑस्ट्रेलिया से हारकर साउथ अफ्रीका को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था. लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग है. कोच शुक्री कॉनराड के मार्गदर्शन में टीम ने मानसिक मजबूती दिखाई है. पिछले साल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतने के बाद इस टीम में आत्मविश्वास साफ नजर आता है.

कप्तानों की अहम भूमिका

इस मुकाबले में नजरें दोनों कप्तानों पर रहेंगी. एडन मार्क्रम शानदार लय में हैं. उन्होंने करीब 175 के स्ट्राइक रेट से 268 रन बनाए हैं और पावर प्ले में आक्रामक शुरुआत दी. दूसरी ओर मिचेल सैंटनर गेंद से किफायती साबित हुए हैं. उन्होंने 6.35 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की है और अहम मौकों पर रन रोकने में सफल रहे हैं. वहीं, संकट की स्थिति में  बल्ले से रन भी बनाए हैं. 

साउथ अफ्रीका की ताकतवर बल्लेबाजी

साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी बेहद मजबूत दिख रही है. क्विंटन डिकॉक, एडन मार्क्रम और मिलर जैसे खिलाड़ी किसी भी आक्रमण को ध्वस्त कर सकते हैं. मार्को जानसेन निचले क्रम में तेजी से रन जोड़ने की क्षमता रखते हैं. अगर पिच बल्लेबाजों के अनुकूल रही तो यह लाइनअप 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा करने में सक्षम है.

न्यूजीलैंड का संतुलन और स्पिन आक्रमण 

न्यूजीलैंड की ताकत उसका संतुलित संयोजन है. रचिन रविंद्र ने नौ विकेट लिए हैं. ग्लेन फिलिप्स और कोल मैककॉन्ची भी अपने स्पिन गेंदबाजी ने बल्लेबाजों को जाल में फंसा सकते हैं. हालांकि, ईश सोढ़ी अब तक खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं, जिससे कमी महसूस हो सकती है. तेज गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्यूसन के शुरुआती स्पेल निर्णायक हो सकती है.

बारिश का समीकरण और मौसम

ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 4 मार्च को धूप खिली रहेगी और बारिश की संभावना बेहद कम है. तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. अगर मैच में बारिश बाधा डालती है तो रिजर्व डे रखा गया है.दोनों दिन खेल न हो पाने की स्थिति में सुपर-8 में शीर्ष पर रहने वाली साउथ अफ्रीका फाइनल में पहुंच जाएगी.